मोहाली एयरोसिटी में निर्माणाधीन अस्पताल की इमारत ढही, दो की मौत और एक गंभीर; SIT करेगी हादसे की जांच
मोहाली के एयरोसिटी में निर्माणाधीन अस्पताल की इमारत का एक हिस्सा ढह गया, जिसमें दो व्यक्ति की मौत हो गई और एक की हालत गंभीर है।

मोहाली एयरोसिटी में निर्माणाधीन अस्पताल की इमारत गिरी।
HighLights
मोहाली एयरोसिटी में निर्माणाधीन अस्पताल का हिस्सा गिरा
हादसे में 2 मजदूरों की मौत
पुलिस और बचाव दल मौके पर, राहत कार्य जारी
जागरण संवाददाता, मोहाली। एयरोसिटी के ए ब्लॉक में एलाइट मेडिसिटी नाम से बन रहे अस्पताल में निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी गिरने से दबकर दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के समय मौके पर दीवार की शटरिंग का काम चल रहा था।
करीब 15 फीट गहरी खुदाई की गई थी और उससे निकली मिट्टी साइड में ही रखी हुई थी। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। खबर लिखे जाने तक पुलिस की जांच जारी थी।
ए ब्लॉक के प्रधान कृष्ण चंद ने बताया कि अस्पताल के ठीक पीछे ए ब्लॉक है और वहां करीब 60 फीट चौड़ी सड़क है। सड़क किनारे ग्रीन बेल्ट में करीब 15 फीट गहरी खुदाई की गई थी। खुदाई से निकली मिट्टी भी साइड में रखी हुई थी। ए ब्लॉक के निवासियों के विरोध के बाद यहां दीवार बनाने का काम शुरू किया गया था। सड़क के साथ फुटपाथ बना हुआ है।
ए ब्लॉक को जोड़ने वाली दीवार की शटरिंग का काम चल रहा था
प्रधान के अनुसार जिस दीवार का निर्माण किया जा रहा था, वह ए ब्लॉक को जोड़ती है। मौके पर इसी दीवार की शटरिंग का काम चल रहा था। शुक्रवार को भी शटरिंग का काम किया जाना था। इसी दौरान मिट्टी गिरने से हादसा हो गया।
ए ब्लॉक के प्रधान कृष्ण चंद के अनुसार हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद मिट्टी हटाने का काम किया गया तो दूसरे मजदूर का शव बरामद हुआ।
पहले भी बैठ रही थी मिट्टी, बारिश के बाद और धंस गई
कृष्ण चंद ने बताया कि जहां खुदाई की गई थी, वहां पहले भी मिट्टी गिर रही थी और मिट्टी बैठ चुकी थी। बुधवार को हुई बारिश के कारण भी मिट्टी बैठ गई थी। इसके बावजूद वहां निर्माण कार्य चल रहा था। प्रधान के अनुसार यहां रोज रात को भी निर्माण कार्य चलता था। यह काम ठेकेदार के जरिये करवाया जा रहा था।
पुलिस ने शुरू की जांच, ठेकेदार पर जल्द हो सकती है एफआईआर
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों के साथ-साथ निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों की भी जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक जांच जारी थी। सूत्रों की मानें तो जांच में ठेकेदार की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो सकती है।
एसआईटी करेगी हादसे की जांच, अस्पताल से लेकर सुरक्षा इंतजामों की होगी पड़ताल
डीएसपी सिटी-2 हरसिमरन सिंह बल ने बताया कि एसएसपी की ओर से मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की जा रही है। एसआईटी हादसे के कारणों की जांच करने के साथ यह भी पता लगाएगी कि अस्पताल किसका है और निर्माण कार्य किस ठेकेदार की देखरेख में चल रहा था।
ठेकेदार से भी पूछताछ की जाएगी। इसके अलावा निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए थे या नहीं, इसकी भी जांच होगी। डीएसपी ने बताया कि हादसे के समय दो ही मजदूर मिट्टी के नीचे दबे थे। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही हादसे का असली कारण स्पष्ट हो पाएगा।
परिवार के सदस्य ने बताया, ट्रक की धमक से खिसकी मिट्टी
मृतक के परिवार के एक सदस्य ने बताया कि हादसे के समय पास से एक ट्रक निकला था। ट्रक की धमक के कारण मिट्टी खिसकने से हादसा होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि दोनों मजदूर करीब 500-600 रुपये की दिहाड़ी पर काम करते थे। निर्माण स्थल पर मिट्टी का बड़ा ढेर बना हुआ था, जिसकी ऊंचाई करीब 50 फीट बताई जा रही है।
