मोहाली के लालड़ू में अवैध पटाखा फैक्ट्री पर छापा, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद; दो पकड़े और तीसरा फरार
त्योहारों से पहले लालड़ू पुलिस ने मोहाली के रिहायशी इलाके में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में पटाखे और वि ...और पढ़ें

डहिर रोड स्थित बाणिया ट्रेडिंग और उससे जुड़े मकान पर छापा मारा।
HighLights
रिहायशी इलाके में बिना लाइसेंस बन रहे थे पटाखे।
त्योहारों से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई।
लाखों के अवैध पटाखे और कच्चा माल जब्त।
संवाद सहयोगी, डेराबस्सी (मोहाली)। त्योहारों से पहले लालड़ू पुलिस ने अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रिहायशी इलाके में चल रहे अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तैयार पटाखे, विस्फोटक सामग्री और पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल बरामद किया।
इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपित फरार है, जिसकी तलाश जारी है। एसएसपी मोहाली हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम ने डहिर रोड स्थित बाणिया ट्रेडिंग और उससे जुड़े मकान पर छापा मारा।
तलाशी के दौरान मकान से 54 बड़े और 84 छोटे डिब्बों में भरे पटाखे, 25 बोरे गंधक, पोटाश, सल्फर समेत पटाखा निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री, गत्ता और पैकिंग का सामान बरामद हुआ। दुकान से भी भारी मात्रा में पटाखे जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपित मौके पर पटाखों के निर्माण और भंडारण से संबंधित कोई वैध लाइसेंस नहीं दिखा सके। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान 24 वर्षीय अक्षय गुप्ता और 26 वर्षीय अक्षित गुप्ता निवासी डहिर रोड, लालड़ू के रूप में हुई है।
खबरें और भी
दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। तीसरा आरोपित संजय गुप्ता फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस का कहना है कि बिना लाइसेंस आबादी वाले क्षेत्र में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का भंडारण आम लोगों की जान-माल के लिए गंभीर खतरा था।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपितों द्वारा बिना लाइसेंस पटाखों का निर्माण और बिक्री कर सरकारी नियमों की अनदेखी की जा रही थी। रिमांड के दौरान इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क के बारे में भी पूछताछ की जाएगी।