Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मोहाली में इमिग्रेशन फर्म पर केस, जर्मनी में नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी; जानें कैसे जाल में फंसाया

    Updated: Mon, 20 Jul 2026 07:05 AM (IST)

    मोहाली में एक इमिग्रेशन कंपनी के खिलाफ जर्मनी में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का मामला दर्ज किया गया है। कंपनी ने फर्जी दस्तावेज देकर 10.50 ला ...और पढ़ें

    मोहाली के फेज-3बी2 स्थित न्यू होरीजन वीजा कंपनी के संचालक और हेड काउंसलर पर केस दर्ज।

    मोहाली के फेज-3बी2 स्थित न्यू होरीजन वीजा कंपनी के संचालक और हेड काउंसलर पर केस दर्ज।

    HighLights

    1. कंपनी संचालक व हेड काउंसलर के खिलाफ केस दर्ज।

    2. जाॅब का ऑफर लेटर और दस्तावेज देकर जीता भरोसा।

    3. संबंधित होटल से ई-मेल के माध्यम से सत्यापन पर खुला राज।

    जागरण संवाददाता, मोहाली। जर्मनी में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर लाखों रुपये लेने और फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराने के मामले में मोहाली की एक इमिग्रेशन कंपनी के खिलाफ एनआरआई थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। कंपनी संचालक व हेड काउंसलर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 61 ओर पंजाब इमिग्रेशन एक्ट की धारा 24 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

    पटियाला निवासी प्रिया कुमारी ने शिकायत में बताया कि अगस्त 2025 में उन्होंने अपने समेत तीन लोगों के जर्मनी वर्क वीजा के लिए मोहाली के फेज-3बी2 स्थित न्यू होरीजन वीजा से संपर्क किया था। वीजा प्रक्रिया के नाम पर कंपनी को कुल 10.50 लाख रुपये दिए गए। कुछ समय बाद एजेंसी की ओर से जर्मनी के एक प्रतिष्ठित होटल में नौकरी मिलने का ऑफर लेटर और अन्य दस्तावेज सौंपे गए।

    शिकायतकर्ता के अनुसार दस्तावेजों पर संदेह होने पर संबंधित होटल प्रबंधन से ई-मेल के माध्यम से सत्यापन कराया गया। जवाब में होटल ने स्पष्ट किया कि जारी किया गया ऑफर लेटर और अन्य दस्तावेज उनके रिकाॅर्ड का हिस्सा नहीं हैं और इस नाम से कोई भर्ती प्रक्रिया भी नहीं चल रही थी। इसके बाद पीड़िता ने खुद के साथ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए एनआरआई विंग पंजाब से शिकायत की।

    मामले की शुरुआती जांच एनआरआई थाना पटियाला ने की थी। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट एनआरआई विंग पंजाब मुख्यालय भेजी गई। वहां से मिली सिफारिश के आधार पर मोहाली के एनआरआई थाने में न्यू होराइजन वीजा की संचालक व हेड काउंसलर रमनदीप कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

    खबरें और भी