विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली में फायरिंग, हेयर मास्टर सैलून पर चली गोलियां; बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम

Published: Wed, 02 Sep 2026 11:08 PM (IST)

मोहाली के हेयर मास्टर सैलून पर बाइक सवार दो युवकों ने फायरिंग की, जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने ...और पढ़ें

सीपी-67 मोल के सामने हेयर मास्टर सैलून पर फायरिंग, गैंगस्टर कनेक्शन का शक।

सीपी-67 मोल के सामने हेयर मास्टर सैलून पर फायरिंग, गैंगस्टर कनेक्शन का शक।

HighLights

  1. मोहाली के हेयर मास्टर सैलून पर हुई फायरिंग

  2. रंगदारी और गैंगस्टर कनेक्शन की आशंका पर जांच जारी

  3. पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया

जागरण संवाददाता, मोहाली। मोहाली के सीपी-67 मोल के सामने स्थित हेयर मास्टर सैलून पर बुधवार रात बाइक सवार दो युवकों ने फायरिंग कर दी। आरोपितों ने सैलून के बाहर एक गोली चलाई, जो सैलून के शीशे पर लगी। गनीमत रही कि वारदात में किसी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्प्लेंडर बाइक पर आए थे दो युवक

डीएसपी हरसिमरन सिंह बल ने बताया कि रात साढ़े आठ बजे हेयर मास्टर के मैनेजर ने पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दो युवक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। दोनों ने हेलमेट पहना हुआ था। फायरिंग करने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।

पहले भी मिल चुकी है रंगदारी की कॉल

सूत्रों के मुताबिक हेयर मास्टर सैलून संचालकों को पहले भी रंगदारी के लिए कॉल आ चुकी है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। हेयर मास्टर सैलून को पुलिस सुरक्षा मिली हुई है। सूत्रों की मानें तो पुलिस के पास पहले इनपुट था कि चंडीगढ़ स्थित हेयर मास्टर को निशाना बनाया जा सकता है, लेकिन हमलावरों ने मोहाली स्थित सैलून को टारगेट कर दिया।

लुक्की पटियाल या हरि बॉक्सर पर फायरिंग करवाने का शक

सूत्रों के अनुसार फायरिंग के पीछे गैंग्सटर कनेक्शन की आशंका जताई जा रही है। गैंग्सटर लक्की पटियाल या फिर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हरि बॉक्सर का इस घटना में हाथ हो सकता है।

पुलिस इन गैंगस्टरों की भूमिका की जांच की जा रही है। लक्की पटियाल और हरि बॉक्सर दोनों ही विरोधी गैंग के हैं। हरि बॉक्सर लॉरेंस का करीबी है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी गैंगस्टर की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सीआईए समेत अलग-अलग टीमें जांच में जुटीं

डीएसपी हरसिमरन सिंह बल ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपितों को पकड़ने के लिए सीआईए समेत अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

थाना क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। डीएसपी ने जल्द आरोपितों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

चंडीगढ़ आपरेशन सेल की टीम भी मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलने के बाद चंडीगढ़ आपरेशन सेल की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस अब रंगदारी की पहले आई कॉल और बुधवार रात हुई फायरिंग की जांच में जुट गई है।

गौरतलब है कि सीपी-67 मोल के बाहर पहले भी फायरिंग की घटना हो चुकी है, जिसमें गैंगस्टरों की भूमिका सामने आई थी। फिलहाल पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी और तलाश में जुटी हैं।