मोहाली में तेज रफ्तार ऑडी ने उज्बेकिस्तान की युवती को उड़ाया, 15 फुट दूर गिरी, तोड़ा दम, तुर्की से बहन आने पर होगा पोस्टमार्टम
मोहाली के डेराबस्सी में वीआईपी रोड पर एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने उज्बेकिस्तान की युवती मावलूदा को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने ...और पढ़ें
HighLights
डेराबस्सी में देर रात हादसा।
अस्पताल से लौट रही थी।
दोस्त को भी आई चोटें।
संवाद सहयोगी, डेराबस्सी (मोहाली)। वीआईपी रोड पर काले रंग की ऑडी कार ने उज्बेकिस्तान की युवती और उसके दोस्त को टक्कर मारी। कार की स्पीड इतनी थी कि युवती 14 से 15 फुट दूर जाकर गिरी। अधिक खून बहने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसा रात के समय एमकेयर अस्पताल के सामने हुआ। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। युवती के परिवार वालों को सूचना दे दी गई है। तुर्की से युवती की बहन आ रही है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विदेशी युवती मावलूदा अस्पताल से किसी मरीज को देखकर अपने दोस्त अभिषेक उर्फ अभी के साथ पैदल जा रही थी। अभिषेक ने बताया कि मावलूदा उनकी दोस्त थी और वह एमकेयर अस्पताल में उसकी गर्भवती पत्नी का हालचाल पूछने के लिए आई थी।
वह दोनों अस्पताल के बाहर मुख्य मार्ग पर पहुंचे तो अचानक तेज रफ्तार ऑडी कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। अभिषेक को भी हल्की चोटें आई हैं। लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस करीब एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
खबरें और भी
पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपित कार चालक की पहचान की जा सके। जांच अधिकारी राज कुमार ने बताया कि विदेशी नागरिक की बहन तुर्की से भारत आ रही है। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम सहित आगे की कार्रवाई की जाएगी।