विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

63 को हो गया चंडीगढ़ PGI, हर रोज 10 हजार मरीजों का उठा रहा बोझ; उत्तर भारत में सबसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान

Published: Sun, 06 Sep 2026 06:56 PM (IST)

उत्तर भारत का सबसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान पीजीआई चंडीगढ़ अपना 63वां स्थापना दिवस मना रहा है। यहां आए दिन 10 से 12 हजार मरीज इलाज के लिए आते हैं।

चंडीगढ़ पीजीआई अपना 63वां फाउंडेशन डे मनाएगा। (सांकेतिक फोटो)

चंडीगढ़ पीजीआई अपना 63वां फाउंडेशन डे मनाएगा। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. पीजीआई चंडीगढ़ मना रहा 63वां स्थापना दिवस।

  2. बीएचयू कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी मुख्य अतिथि।

  3. मरीज सेवा, शिक्षा, शोध संस्थान की प्राथमिकताएं।


जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआई) सोमवार को अपना 63वां फाउंडेशन डे मनाएगा। उत्तर भारत का सबसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान आए दिन 10 से 12 हजार मरीजों का इलाज कर रहा है। इतना ही नहीं, दिल्ली एम्स के बाद देश के टॉप चिकित्सा संस्थानों में भी दूसरे नंबर पर है।

फाउंडेशन डे से पहले पीजीआई के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने कहा कि 63 साल की यात्रा संस्थान के लिए उपलब्धियों को याद करने के साथ भविष्य की दिशा तय करने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि संस्थान की पहचान सिर्फ अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से नहीं, बल्कि यहां काम करने वाले फैकल्टी, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की मरीज सेवा के प्रति प्रतिबद्धता से बनी है।

उन्होंने कहा कि भविष्य की हेल्थकेयर में तकनीक, इनोवेशन और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। पीजीआई मरीज केंद्रित चिकित्सा सेवा, मेडिकल शिक्षा और वैज्ञानिक शोध को आगे बढ़ाते हुए बदलती स्वास्थ्य जरूरतों के अनुरूप नई तकनीकों को अपनाता रहेगा।

फाउंडेशन डे पर नाइन ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (बीएचयू) के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी मुख्य अतिथि होंगे। संस्थान के फैकल्टी, कर्मचारी, विद्यार्थी और पूर्व विद्यार्थियों समेत संस्थान से जुड़े लोग भी शामिल होंगे। संस्थान के उत्कृष्ट कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।