मासूमों की थाली से राशन गायब, पंजाब की आंगनवाड़ियों में राशन संकट पर बरसे सांसद सुखजिंदर रंधावा
कांग्रेस सांसद सुखजिंदर रंधावा ने पंजाब की आंगनवाड़ियों में राशन की कमी को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना ...और पढ़ें

पूर्व CM रंधावा ने सरकार से मांगा जवाब।
HighLights
आंगनवाड़ियों में महीनों से राशन आपूर्ति न होने का आरोप
बच्चों को पोषण आहार की जगह बिस्कुट-टॉफियां मिलने का दावा
रंधावा ने मान सरकार से जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार को लेकर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोला है।
पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने आरोप लगाया कि कई आंगनवाड़ी केंद्रों में महीनों से राशन की आपूर्ति नहीं हुई है। इसके चलते तीन से छह साल के मासूम बच्चों को दलिया, खिचड़ी और पंजीरी की जगह बिस्कुट और टॉफियां बांटने की नौबत आ गई है।
सरकार पर साधा निशाना
रंधावा ने कहा कि सरकार बच्चों के बेहतर भविष्य और पोषण को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्थिति इन दावों की पोल खोल रही है। उन्होंने मनीष सिसोदिया और मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल किया कि आखिर आंगनवाड़ी केंद्रों तक बच्चों का जरूरी पोषण आहार क्यों नहीं पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी जैसे संवेदनशील विभाग में महीनों तक राशन की आपूर्ति नहीं होना महज प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि सरकार की प्राथमिकताओं पर भी सवाल खड़ा करता है।
जांच की मांग
करोड़ों रुपये प्रचार पर खर्च करने के बजाय सरकार को बच्चों के लिए जरूरी पोषण आहार की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए। रंधावा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से पूरे पंजाब की आंगनवाड़ियों में राशन आपूर्ति की स्थिति की जांच कराने की मांग की।
उन्होंने विशेष रूप से जालंधर की 1634 आंगनवाड़ियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राशन पहुंचने में हुई देरी की जिम्मेदारी तय की जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों के पोषण के साथ कथित तौर पर खिलवाड़ हुआ, उसकी जवाबदेही तय होना जरूरी है।
