पंजाब में रोडवेज-PRTC की बसें नहीं चलीं, मोहाली में यात्रियों की बढ़ीं मुश्किलें; अगले दो दिन भी सोच-समझकर करें सफर
पंजाब में पीआरटीसी और पनबस के संविदा कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल से मोहाली में बस सेवाएं प्रभावित हुईं। यात्रियों को भीषण गर्मी में लंबे इंतजार औ ...और पढ़ें

मोहाली बस अड्डे पर अपने गंतव्य का इंतजार करते यात्री।
HighLights
पीआरटीसी और पनबस कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल।
मोहाली में सरकारी बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं।
यात्रियों को गर्मी में लंबा इंतजार, मुफ्त यात्रा बाधित।
लखवंत सिंह, मोहाली। पंजाब सड़क परिवहन निगम (पीआरटीसी) और पंजाब बस सेवा (पन बस) के संविदा कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल का सोमवार को मोहाली में भी असर देखने को मिला।
सरकारी बसों का संचालन प्रभावित होने से बस स्टैंड पर यात्रियों को भीड़ देखने को मिली। उमस और गर्मी से बेहाल यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचने का इंतजार करते रहे। महिलाओं को भी मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ नहीं मिला। बुधवार तक यह परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
हड़ताल का सबसे अधिक असर उन यात्रियों पर देखने को मिला, जो रोजाना नौकरी, पढ़ाई और अन्य जरूरी कामों के लिए सरकारी बस सेवाओं पर निर्भर रहते हैं। बसों की संख्या कम होने से लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।

गर्म मौसम के बीच बस स्टैंड पर खड़े यात्रियों को काफी असुविधा हुई। कई यात्रियों ने समय पर बस नहीं मिलने के कारण निजी बसों का सहारा लिया, जिससे उनकी यात्रा का खर्च भी बढ़ गया। महिलाओं को भी इस हड़ताल का विशेष रूप से असर झेलना पड़ा।
सरकारी बसों में मिलने वाली मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ इस दौरान नहीं मिल सका। ऐसे में कई महिलाओं को निजी बसों में किराया देकर सफर करना पड़ा। कुछ रूटों पर निजी बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने से भीड़ भी देखने को मिली और कई यात्रियों को अगली बस का इंतजार करना पड़ा।
खबरें और भी
200 बसें गुजरती हैं, आज 20-25 ही गुजरी
बस स्टैंड पर बस की एंट्री पर पर्ची काटने वाले कर्मचारियों ने बताया कि यूं तो रोजाना पंजाब रोडवेज और पीआरटीसी की करीब 200 बसें होकर गुजरती है लेकिन आज सुबह से दोपहर तक 20 से 25 बसें ही गुजरी है। कई बसें बस स्टैंड में आए बगैर सीधी सड़क से निकल गई।
मोहाली से रोपड़ तक की बसें मिल रही थी

मोहाली बस स्टैंड पर पंजाब रोडवेज की बसें आ रही थी जो रोपड़ तक जाने वाली थी। जिन सवारियों को श्री अमृतसर या जालंधर सहित दूर दराज के इलाकों में जाना था उन्हें बसें नहीं मिल रही थी। पंजाब रोडवेज की जो बसें आ रही थी उसके कंडक्टर का कहना था कि रात से ये बसें चंडीगढ़ आई है आज ये बसें वापस अपने डिपो में जा रही है।