'नई पीढ़ी के सीखने के लिए अनेक माध्यम, मगर सही दिशा देने वाला शिक्षक', पंजाब CM ने बढ़ाया मान
शिक्षा दिवस पर मोहाली में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 50 अध्यापकों को सम्मानित किया। सीएम ने कहा कि नई पीढ़ी ...और पढ़ें

मोहाली के विकास भवन में राज्यस्तरीय समागम में मुख्यातिथि के तौर पर पहुंचे मुख्यमंत्री भगवंत मान।
HighLights
मोहाली के विकास भवन में राज्यस्तरीय समागम।
सीएम भगवंत मान से शिक्षकों को किया सम्मानित।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राज्यस्तरीय अवॉर्ड प्रदान किए।
जागरण संवाददाता, मोहाली। शिक्षा दिवस पर पंजाब सरकार की ओर से मोहाली के विकास भवन में राज्यस्तरीय समागम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अध्यापकों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समय बदलने के साथ शिक्षा का तरीका भी बदल गया है। आज कंप्यूटर और तकनीक ने पढ़ाई के तौर-तरीकों को बदल दिया है। नई पीढ़ी के पास सीखने के लिए अनेक माध्यम हैं, मगर सही दिशा देने वाला शिक्षक ही होता है।
सीएम मान ने विद्यार्थियों को मेहनत और ईमानदारी से पढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि नकल के सहारे एक-दो परीक्षाएं पास की जा सकती हैं, लेकिन जिंदगी की परीक्षा अपने दम पर ही पास करनी पड़ती है। पढ़ाई का कोई शॉर्टकट नहीं है।
मुख्यमंत्री ने अपने शिक्षकों को याद करते हुए कहा कि सामाजिक शिक्षा के शिक्षक रमेश्वर दास, हिंदी शिक्षक नैनू राम और अन्य शिक्षकों ने उनके जीवन को दिशा दी। आज भी जब वह अपने पुराने शिक्षकों से मिलते हैं तो उनके पैर छूते हैं।
उन्होंने पेड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि जब किसी के हाथों लगाया पेड़ बड़ा होकर फल, फूल और छाया देने लगता है तो सबसे अधिक खुशी उसे लगाने वाले को होती है। इसी तरह अध्यापक को अपने पढ़ाए विद्यार्थी के सफल होने पर जीवनभर गर्व रहता है।
अध्यापकों को राज्यस्तरीय अवॉर्ड
समागम के दौरान पंजाब के 50 अध्यापकों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राज्यस्तरीय अवॉर्ड देकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सम्मानित अध्यापकों को बधाई देते हुए कहा कि वे बच्चों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस दौरान शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस, मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह और एडमिनिस्ट्रेटिव सेक्रेटरी हायर एजुकेशन सोनाली गिरी सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
