पंजाब के 117 हलकों में उतरेगी कांग्रेस, हर विधानसभा क्षेत्र में 3 दिन चलेगी जनसंपर्क यात्रा
पंजाब कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में तीन दिवसीय जनसंपर्क यात्रा निकालेगी। ...और पढ़ें

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राजा वड़िंग
HighLights
कांग्रेस पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा करेगी
हर हलके में तीन दिन तक चलेगी जनसंपर्क यात्रा
महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब में संगठन को दोबारा मजबूत करने के लिए कांग्रेस अब गांव-गांव और शहर-शहर पहुंचने की तैयारी में है। चंडीगढ़ में हुई प्रदेश कांग्रेस की मंथन बैठक के बाद पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने घोषणा की कि पार्टी राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क यात्रा निकालेगी।
हर हलके में यह यात्रा लगातार तीन दिन तक चलेगी। बघेल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता सीधे लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और सरकार की नीतियों के खिलाफ माहौल तैयार करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का मकसद सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि जनता से सीधा संवाद स्थापित करना है। यात्रा के दौरान महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि पंजाब में लोग मौजूदा सरकार से निराश हैं और कांग्रेस जनता की आवाज बनने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय किया जाएगा। बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि कांग्रेस जल्द ही पंजाब सरकार के खिलाफ एक चार्जशीट जारी करेगी। इसमें कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं से जुड़े मुद्दों को शामिल किया जाएगा।
भूपेश बघेल ने भाजपा और आम आदमी पार्टी पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों दल विरोधियों को दबाने की राजनीति कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस न ईडी से डरती है और न विजिलेंस से।