मोहाली में गमाडा कार्यालय पर ईडी का छापा, मजीठिया ने उठाए भ्रष्टाचार के सवाल
ईडी ने मोहाली स्थित गमाडा कार्यालय पर छापा मारा है, जिससे पंजाब की सियासत गरमा गई है। बिक्रम मजीठिया ने ...और पढ़ें

गमाडा पर ईडी की कार्रवाई से गरमाई सियासत।
HighLights
मोहाली में गमाडा कार्यालय पर ईडी ने छापा मारा
बिक्रम मजीठिया ने आप सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए
केंद्रीय एजेंसियों से मामले की गहन जांच की मांग की
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब के गमाडा (ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथारिटी) कार्यालय में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की है। गमाडा के अलावा पंजाब में अलग अलग जगह पर छापेमारी की सूचना है।
उधर ईडी की छापेमारी को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने गमाडा में ईडी की कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर सवाल उठाए हैं।
मजीठिया ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि गमाडा से जुड़े मामलों में भ्रष्टाचार और अधिकारियों व आप नेताओं के कथित गठजोड़ की जांच होनी चाहिए।
मजीठिया ने कहा कि गमाडा कार्यालय पर ईडी की कार्रवाई ने पंजाब सरकार के कथित भ्रष्टाचार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के खजाने, कीमती जमीनों और सरकारी संसाधनों से जुड़े मामलों में एक बड़ा गठजोड़ काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों को सरकार के लिए कमाई करने वाला बताया जा रहा है और जिन आप नेताओं के नाम चर्चा में हैं, उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
केंद्रीय एजेंसियों से गहराई से जांच की मांग
मजीठिया ने कहा कि पंजाब सरकार से इस मामले में इंसाफ की उम्मीद नहीं है। उन्होंने केंद्रीय जांच एजेंसियों से पूरे मामले की गहराई से जांच करने की मांग की, ताकि पंजाब के लोगों के सामने सच्चाई आ सके।
उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

अकाली नेता ने अपने इंटरनेट मीडिया पोस्ट में पंजाब की जमीन और संसाधनों से जुड़े मामलों को भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी जमीनों और संसाधनों के इस्तेमाल में अगर किसी तरह की अनियमितता हुई है तो उसकी जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि पंजाब को कथित तौर पर लूटने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
ईडी की कार्रवाई पर आधिकारिक जानकारी का इंतजार
गमाडा कार्यालय में ईडी की कार्रवाई को लेकर एजेंसी की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है। छापेमारी किन दस्तावेजों या मामलों से संबंधित है और जांच के दौरान क्या-क्या जानकारी अथवा दस्तावेज मिले हैं, इसका आधिकारिक ब्योरा सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।
मजीठिया के आरोपों पर आम आदमी पार्टी सरकार या संबंधित अधिकारियों की ओर से प्रतिक्रिया सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। मजीठिया ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों को मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच करनी चाहिए और जांच के बाद सच्चाई पंजाबियों के सामने रखी जानी चाहिए।
