पंजाब में सरकारी कर्मचारियों की कलमछोड़ हड़ताल शुरू, सरकारी दफ्तरों में कामकाज प्रभावित
पंजाब में सरकारी कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर कलमछोड़ हड़ताल शुरू कर दी है। इससे सरकारी दफ्तरों में कामकाज प्रभावित हुआ है।

कर्मचारी संगठनों ने सरकार के खिलाफ जताया रोष। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
18 अगस्त को भी कामकाज ठप रखने का फैसला किया।
कर्मचारी संगठनों ने सरकार के खिलाफ जताया रोष।
27 अगस्त को 'मरण व्रत' शुरू करने का भी फैसला।
जागरण संवाददाता, मोहाली। पंजाब के सरकारी कर्मचारियों की ओर से अपनी मांगों को लेकर कलमछोड़ हड़ताल सोमवार से शुरू हो गई। पंजाब भर के मिनिस्टीरियल कर्मचारियों ने 18 अगस्त को भी कामकाज ठप रखने का फैसला किया है।
हड़ताल के कारण विभिन्न सरकारी विभागों और कार्यालयों में आम लोगों से जुड़े काम प्रभावित होने की संभावना है। कर्मचारी संगठनों ने सरकार के खिलाफ रोष जताते हुए कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
मांगों के समाधान के लिए कर्मचारियों ने पहले भी सरकार के समक्ष अपना पक्ष रखा है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण अब आंदोलन का रास्ता अपनाया गया है।
27 अगस्त को ‘मरण व्रत’ का फैसला
कर्मचारी संगठनों ने आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 27 अगस्त को ‘मरण व्रत’ शुरू करने का भी फैसला लिया है। संगठन की ओर से कहा गया है कि यदि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कल भी कामकाज रहेगा प्रभावित
दो दिवसीय कलमछोड़ हड़ताल के दौरान कर्मचारी कार्यालयों में नियमित कामकाज नहीं करेंगे। इससे सरकारी सेवाओं के लिए कार्यालयों में पहुंचने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारी नेताओं ने सरकार से मांग की है कि वह बातचीत के माध्यम से उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करे। संगठनों ने स्पष्ट किया कि आंदोलन कर्मचारियों की मांगों को लेकर है और सरकार के सकारात्मक रुख के बाद ही आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।
