15 को मोहाली में जुटेंगे पंजाब सेवा केंद्र के कर्मचारी, प्रदेशव्यापी बंद का एलान; लोग होंगे परेशान
पंजाब सेवा केंद्र कर्मचारी 15 सितंबर को मोहाली में श्रम विभाग के बाहर राज्य स्तरीय धरना देंगे, जिसके कारण प्रदेशभर के सेवा केंद्र बंद रहेंगे।

पंजाब सेवा केंद्र कर्मचारी यूनियन ने किया प्रदेशव्यापी बंद का एलान। (एआई जनरेटेड फोटो)
HighLights
15 को पंजाब के सभी सेवा केंद्र बंद रहेंगे।
मोहाली में श्रम विभाग के बाहर धरना देंगे।
मांगों का समाधान न होने पर विरोध।
जागरण संवाददाता, मोहाली। पंजाब सेवा केंद्र कर्मचारी यूनियन ने सरकार की बेरुखी और कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं होने के विरोध में 15 सितंबर को प्रदेशव्यापी बंद का एलान किया है। इस दिन पंजाब के सभी सेवा केंद्र पूरी तरह बंद रहेंगे और प्रदेशभर के कर्मचारी मोहाली पहुंचकर फेस-10 स्थित श्रम विभाग के कार्यालय के बाहर राज्य स्तरीय धरना देंगे।
इससे मोहाली समेत पूरे पंजाब में सेवा केंद्रों से मिलने वाली विभिन्न सरकारी सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है। यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार कर्मचारियों की मांगों और लंबित मामलों के समाधान के लिए सरकार की ओर से अभी तक कोई बैठक नहीं बुलाई गई है।
उनका आरोप है कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद सरकार और संबंधित विभाग की ओर से सकारात्मक पहल नहीं की जा रही, जिसके चलते कर्मचारियों में भारी रोष है। यूनियन की ओर से इस संबंध में सरकार और प्रशासन को पहले ही पत्र भेजकर 15 सितंबर के आंदोलन की जानकारी दी जा चुकी है।
यूनियन ने निर्णय लिया है कि 15 सितंबर को प्रदेश के सभी सेवा केंद्रों पर कामकाज पूरी तरह ठप रखा जाएगा। इसके बाद कर्मचारी बड़ी संख्या में मोहाली पहुंचेंगे और फेस-10 में श्रम विभाग के सामने धरना देंगे। यू
नियन नेताओं का कहना है कि धरने के माध्यम से कर्मचारियों के साथ हो रही कथित धक्केशाही के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी और सरकार पर मांगों के समाधान के लिए दबाव बनाया जाएगा।
धरने के दौरान यूनियन की ओर से आंदोलन की अगली रणनीति पर भी फैसला लिया जाएगा। पदाधिकारियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि जल्द कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा इससे भी कड़े संघर्षात्मक कदम उठाए जा सकते हैं।
यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष बलजिंदर सिंह माझा और महासचिव गुरसेवक सिंह चहल ने कहा कि कर्मचारियों को मजबूर होकर प्रदेशव्यापी बंद और धरने का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। उन्होंने पंजाब के सभी सेवा केंद्र कर्मचारियों से 15 सितंबर को मोहाली पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
