Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब को जल्द मिलेगा नियमित डीजीपी, UPSC ने तीन नामों के पैनल पर लगाई मुहर; गौरव यादव सबसे मजबूत दावेदार

    By Dr Sumit Singh SheoranEdited By: Prince Sharma
    Updated: Wed, 01 Jul 2026 09:50 AM (IST)

    पंजाब को जल्द ही नियमित डीजीपी मिलेगा, क्योंकि यूपीएससी ने तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के पैनल को अंतिम रूप दे दिया है। ...और पढ़ें

    पंजाब को जल्द मिलेगा नियमित डीजीपी (फाइल फोटो)

    पंजाब को जल्द मिलेगा नियमित डीजीपी (फाइल फोटो)


    HighLights

    1. यूपीएससी ने पंजाब डीजीपी के लिए तीन नाम तय किए

    2. कार्यवाहक डीजीपी गौरव यादव सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे

    3. राज्य सरकार जल्द ही नियमित डीजीपी नियुक्त करेगी

    डॉ.सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में करीब चार वर्ष से नियमित पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की नियुक्ति का इंतजार अब खत्म होने वाला है।

    केंद्रीय लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने मंगलवार को बैठक कर पंजाब के नए नियमित डीजीपी के लिए अधिकारियों के पैनल को अंतिम रूप दे दिया है। सूत्रों के अनुसार, आयोग एक-दो दिनों में तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों का पैनल राज्य सरकार को भेज देगा, जिनमें कार्यवाहक डीजीपी गौरव यादव सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।

    इन तीन अफसरों का नाम शामिल

    सूत्रों के मुताबिक 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी गौरव यादव, शरद सत्य चौहान और हरप्रीत सिंह सिद्धू के नाम पैनल में शामिल किए गए हैं। हालांकि अंतिम नियुक्ति राज्य सरकार को यूपीएससी की ओर से भेजे गए तीन नामों में से ही करनी होगी।

    यूपीएससी अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई बैठक में पंजाब के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा शामिल हुए, जबकि कार्यवाहक डीजीपी गौरव यादव स्वयं दावेदार होने के कारण बैठक में उपस्थित नहीं हुए।

    सूत्रों का कहना है कि यूपीएससी हाल के वर्षों में डीजीपी चयन के लिए वरिष्ठता को प्रमुख आधार मानती रही है, बशर्ते संबंधित अधिकारी के खिलाफ कोई गंभीर विवाद या अनुशासनात्मक कार्रवाई लंबित न हो। इसी आधार पर 1992 बैच के तीन सबसे वरिष्ठ पात्र अधिकारियों को पैनल में जगह मिलने की संभावना जताई जा रही है।

    तीन अधिकारियों को पैनल सरकार को भेजती है यूपीएससी

    पंजाब सरकार ने इससे पहले डीजीपी रैंक के सभी पात्र अधिकारियों के नाम यूपीएससी को भेजे थे। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसारच यूपीएससी तीन अधिकारियों का पैनल तैयार कर राज्य सरकार को भेजती है, जिसके बाद सरकार उनमें से एक अधिकारी को नियमित डीजीपी नियुक्त करती है।

    खबरें और भी

    सरकारी सूत्रों के अनुसार यदि पैनल अपेक्षित स्वरूप में आता है तो कार्यवाहक डीजीपी गौरव यादव के नियमित डीजीपी बनने की संभावना सबसे अधिक है।

    जुलाई 2022 से पंजाब पुलिस की कमान संभाल रहे गौरव यादव को कानून-व्यवस्था, आतंकवाद विरोधी अभियानों और प्रशासनिक अनुभव के आधार पर इस पद के लिए सबसे उपयुक्त माना जा रहा है।

    पंजाब में जुलाई 2022 से नियमित डीजीपी की नियुक्ति नहीं हो सकी थी। राज्य सरकार द्वारा समय पर यूपीएससी को पात्र अधिकारियों का प्रस्ताव नहीं भेजे जाने के कारण यह प्रक्रिया लंबित रही। अब यूपीएससी की सिफारिश मिलने के बाद राज्य सरकार नियमित डीजीपी की नियुक्ति का फैसला करेगी।