'कैप्टन अमरिंदर मेरे पसंदीदा नेता', राहुल गांधी के बयान से पंजाब में हलचल; कांग्रेस में वापसी की चर्चाएं तेज
राहुल गांधी द्वारा कैप्टन अमरिंदर सिंह की सार्वजनिक प्रशंसा के बाद पंजाब कांग्रेस में उनकी संभावित वापसी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। ...और पढ़ें
HighLights
राहुल गांधी ने कैप्टन अमरिंदर को पसंदीदा नेता बताया।
पंजाब कांग्रेस में कैप्टन की वापसी की अटकलें बढ़ीं।
गुटबाजी से जूझ रही कांग्रेस को कुशल नेतृत्व की तलाश।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एक बयान ने सियासी हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है। दिल्ली में आयोजित जेन-जी संवाद कार्यक्रम के दौरान जब एक युवा ने राहुल गांधी से पूछा कि भारतीय जनता पार्टी में उनका पसंदीदा नेता कौन है, तो उन्होंने बिना देर किए कहा,
कैप्टन अमरिंदर सिंह, निश्चित तौर पर। मैं उनके साथ आसानी से घुल-मिल जाता हूं। वह बेहद सहज हैं और सैन्य इतिहास के विशेषज्ञ हैं, इसलिए मुझे पसंद हैं। हैलो अंकल अमरिंदर...
राहुल गांधी ने इस बातचीत का वीडियो अपने इंटरनेट मीडिया मंच पर भी साझा किया।
राहुल गांधी के इस बयान के सामने आते ही पंजाब की राजनीति में कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में संभावित वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। यह इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि कुछ समय पहले खुद कैप्टन अमरिंदर सिंह सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि उन्हें कांग्रेस की कमी महसूस होती है।
उन्होंने कांग्रेस को परिवार जैसा बताते हुए कहा था कि राहुल गांधी हमेशा सुख-दुख में संपर्क करते रहे, जबकि भारतीय जनता पार्टी में उन्हें वैसा अपनापन महसूस नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें- पंजाब चुनाव से पहले अकाली दल और भाजपा में गठबंधन की अटकलें, पीएम मोदी से मिले सुखबीर बादल
पंजाब कांग्रेस गुटबाजी से जूझ रही
राहुल गांधी के बयान ने ऐसे समय पर राजनीतिक महत्व हासिल किया है, जब पंजाब कांग्रेस गुटबाजी से जूझ रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने एक दिन पहले ही लुधियाना में कहा था कि एक सप्ताह के भीतर पार्टी में सब कुछ ठीक हो जाएगा, अन्यथा राहुल गांधी कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के करीबी विधायक राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि यदि कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस में लौटते हैं तो उनका स्वागत किया जाएगा। कांग्रेस नेता परगट सिंह ने भी कहा कि कैप्टन दो बार पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उनके अनुभव का लाभ पार्टी को मिल सकता है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- LIVE: पंजाब विधानसभा मानसून सत्र स्थगित, स्कूल फीस रेगुलेटरी बिल पर सोमवार को होगी बहस
राजीव गांधी के क्लाॅसमेट रहे अमरिंदर
कैप्टन अमरिंदर सिंह और गांधी परिवार के रिश्ते लंबे समय से बेहद करीबी रहे हैं। वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ पढ़े और दोनों के बीच गहरी मित्रता रही। यही कारण है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी हमेशा उन्हें सम्मान देते रहे हैं। मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद 2022 में कैप्टन भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कई बार कांग्रेस और गांधी परिवार की खुलकर सराहना की।
हाल ही में उन्होंने यह भी कहा था कि उनके चचेरे भाई के निधन पर राहुल गांधी ने उन्हें फोन कर संवेदना व्यक्त की, जबकि उनकी मौजूदा पार्टी के किसी नेता ने संपर्क नहीं किया।
पंजाब कांग्रेस को कुशल नेतृत्व की जरूरत
पंजाब कांग्रेस इस समय ऐसे नेतृत्व की तलाश में है, जिसके पीछे पूरा संगठन एकजुट हो सके। कैप्टन अमरिंदर सिंह के पार्टी छोड़ने के बाद कांग्रेस का पारंपरिक जट्ट सिख वोट बैंक भी प्रभावित हुआ। राज्य की लगभग 80 से 85 विधानसभा सीटों पर जट्ट सिख मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। ऐसे में राहुल गांधी का यह बयान केवल व्यक्तिगत प्रशंसा नहीं, बल्कि पंजाब की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के बीच एक बड़े राजनीतिक संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।