विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ की राइजा ढिल्लों ने एशियन गेम्स में रचा इतिहास, महिला स्कीट टीम को दिलाया कांस्य

Published: Wed, 23 Sep 2026 04:22 PM (IST)

चंडीगढ़ की राइजा ढिल्लों ने एशियन गेम्स में भारतीय महिला स्कीट टीम के लिए ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता, जिसमें उन्होंने 125 में से 111 अंक जुटाए।

चंडीगढ़ की राइजा ढिल्लों (जागरण फोटो)

चंडीगढ़ की राइजा ढिल्लों (जागरण फोटो)

HighLights

  1. राइजा ढिल्लों ने एशियन गेम्स में महिला स्कीट टीम कांस्य जीता

  2. 111 अंक जुटाए, भारत का इस स्पर्धा में पहला पदक

  3. पेरिस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व, पंजाब यूनिवर्सिटी के लिए स्वर्ण

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। एशियन गेम्स में भारतीय निशानेबाजी की स्कीट स्पर्धा में चंडीगढ़ से जुड़ी राइजा ढिल्लों ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। राइजा ढिल्लों, परिनाज धालीवाल और माहेश्वरी चौहान की भारतीय महिला टीम ने 331 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। यह एशियन गेम्स के महिला स्कीट टीम इवेंट में भारत का पहला पदक है। राइजा ने अकेले 125 में से 111 अंक जुटाकर टीम की पदक जीत में अहम योगदान दिया।

राइजा के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि यह उनका पहला एशियन गेम्स है। इससे पहले वह पेरिस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

2024 में कुवैत में आयोजित एशियन ओलंपिक क्वालिफिकेशन में राइजा ने महिला स्कीट में रजत पदक जीतकर भारत के लिए इस स्पर्धा का पहला ओलंपिक कोटा हासिल किया था। पेरिस ओलंपिक में उन्होंने महिला स्कीट स्पर्धा में हिस्सा लिया और 23वें स्थान पर रहीं।

12 साल की उम्र में शुरू किया सफर, 16 में स्कीट को बनाया लक्ष्य

राइजा का परिवार मूल रूप से हरियाणा के करनाल के पास शामगढ़ से जुड़ा है। बाद में परिवार ने पंचकूला में अपना ठिकाना बनाया।

उनके पिता रविजीत सिंह ढिल्लों ने उन्हें शूटिंग के लिए प्रेरित किया। राइजा ने करीब 12 साल की उम्र में शूटिंग शुरू की। शुरुआत में उन्होंने एयर राइफल में प्रशिक्षण लिया, लेकिन बाद में शॉटगन और स्कीट को अपना मुख्य इवेंट बनाया।

चंडीगढ़ से उनका मजबूत शैक्षणिक और खेल संबंध भी रहा है। उन्होंने एमसीएम डीएवी कॉलेज, सेक्टर-36 में पढ़ाई की। 2025 के खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में वह पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ की ओर से खेलीं और महिला स्कीट में स्वर्ण पदक जीता। राष्ट्रीय स्तर पर हालांकि वह हरियाणा का प्रतिनिधित्व करती हैं।

जूनियर स्तर से अंतरराष्ट्रीय मंच तक चमक

राइजा ने 2021 में लीमा, पेरू में आयोजित आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई और महिला स्कीट टीम के साथ स्वर्ण पदक जीता। 2023 में चांगवोन में जूनियर विश्व चैंपियनशिप में उन्होंने व्यक्तिगत रजत पदक जीता। इसी वर्ष एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में व्यक्तिगत रजत और टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया।

2024 में उन्होंने एशियन ओलंपिक क्वालिफायर में रजत जीतकर इतिहास रचा। इसके बाद पेरिस ओलंपिक में जगह बनाई। 2025 में आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड कप में नई दिल्ली और जर्मनी के सुहल में भी उन्होंने रजत पदक जीते। वर्तमान में वह नई दिल्ली स्थित नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में इटली के कोच रिकार्डो फिलिपेली के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेती हैं।

राइजा की उपलब्धियां एक नजर में

  • एशियन गेम्स 2026 : महिला स्कीट टीम कांस्य
  • पेरिस ओलंपिक 2024 : भारत का प्रतिनिधित्व
  • एशियन ओलंपिक क्वालिफायर 2024 : रजत, भारत का पहला महिला स्कीट ओलंपिक कोटा
  • एशियन चैंपियनशिप 2023 : महिला स्कीट रजत और टीम स्वर्ण
  • जूनियर विश्व चैंपियनशिप 2021 : टीम स्वर्ण
  • जूनियर विश्व चैंपियनशिप 2023 : व्यक्तिगत रजत
  • खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 : महिला स्कीट स्वर्ण, पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़