विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सचिन पायलट से मिले वड़िंग, राहुल गांधी के दौरे से पहले आ सकते हैं पंजाब; खत्म हो सकेगी गुटबाजी!

By Dr. Sumit Singh SheoranEdited By: Anuj Sharma
Published: Mon, 07 Sep 2026 05:20 PM (IST)

राजा वड़िंग ने दिल्ली में पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट से मुलाकात की। चुनावी रणनीति और संगठन पर चर्चा हुई। राहुल गांधी के दौरे से पहले पायलट पंजाब आएंगे।

पंजाब प्रभारी सचिन पायलट से मिलते हुए पीपीसीसी प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग।

पंजाब प्रभारी सचिन पायलट से मिलते हुए पीपीसीसी प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग।

HighLights

  1. राजा वड़िंग ने नए पंजाब प्रभारी सचिन पायलट से मुलाकात की।

  2. आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठन पर चर्चा हुई।

  3. सचिन पायलट के सामने पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी खत्म करना चुनौती।

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सोमवार को नई दिल्ली में पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी सचिन पायलट से मुलाकात की। पायलट के पंजाब प्रभारी बनाए जाने के बाद वड़िंग की उनसे यह पहली मुलाकात थी। संयोग से सोमवार को सचिन पायलट का जन्मदिन भी था। वड़िंग ने उन्हें जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुलाकात के दौरान पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने और पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा होने की जानकारी है। वड़िंग के साथ कांग्रेस नेता कुलबीर सिंह जीरा और सांसद गुरजीत सिंह औजला ने भी पायलट से मुलाकात की। माना जा रहा है कि बैठक में पंजाब कांग्रेस के मौजूदा राजनीतिक हालात और आगामी दिनों में पार्टी के कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई।

यह भी पढ़ें- खरगे विवाद पर पंजाब में कांग्रेस एकजुट, चंडीगढ़ में कार्यक्रम टला; 8 सितंबर को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

जल्द पंजाब आ सकते हैं सचिन

सूत्रों के अनुसार सचिन पायलट जल्द ही पंजाब का दौरा कर सकते हैं। इस दौरान वह प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव की तैयारियों का रोडमैप तैयार करेंगे। राहुल गांधी की इसी महीने प्रस्तावित पंजाब यात्रा से पहले पायलट के दौरे की संभावना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके दौरे को लेकर पंजाब कांग्रेस स्तर पर तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।

यह भी पढ़ें- जालंधर में कांग्रेस की रोष रैली में चन्नी के समर्थन में नारे, केंद्र के खिलाफ प्रदर्शन; निकलेगा रोष मार्च

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी बड़ी चुनौती

गौरतलब है कि कांग्रेस ने पांच सितंबर को संगठन में बड़े बदलाव करते हुए भूपेश बघेल की जगह सचिन पायलट को पंजाब का प्रभारी नियुक्त किया है। बघेल को असम का प्रभारी बनाया गया है। इससे पहले सात और आठ सितंबर को बघेल का पंजाब दौरा प्रस्तावित था। पायलट के सामने सबसे बड़ी चुनौती पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चली आ रही गुटबाजी को खत्म कर नेताओं को एक मंच पर लाना होगी।

अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बीच खींचतान के बीच राहुल गांधी के दौरे से पहले पार्टी को एकजुट करना नए प्रभारी के लिए अहम चुनौती माना जा रहा है। अब देखना होगा कि पायलट संगठन को कितनी मजबूती से एकजुट कर चुनावी मैदान में उतार पाते हैं।

यह भी पढ़ें- प्रताप बाजवा ने न्यायमूर्ति अश्वनी कुमार मिश्रा को दी बधाई, बोले- न्यायपालिका को निडर और स्वतंत्र रहना चाहिए