विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब दौरे पर सतीश पूनिया, अकाली दल और BJP के गठबंधन पर करेंगे चर्चा
पंजाब भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया तीन दिवसीय दौरे पर पंजाब पहुंचेंगे, जहां वे 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और अकाली दल से संभावित गठबंधन पर चर्चा करेंगे।

पंजाब भाजपा में ‘सादगी’ का संदेश लेकर पहुंचेंगे पूनिया (फाइल फोटो)
HighLights
पूनिया का तीन दिवसीय पंजाब दौरा आज से शुरू।
2027 चुनाव रणनीति, अकाली गठबंधन पर होगी चर्चा।
सादगी से स्वागत, सामाजिक दान का दिया संदेश।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी डा सतीश पूनिया सोमवार से अपने तीन दिवसीय पंजाब दौरे की शुरुआत करेंगे। प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला पंजाब दौरा है।
दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ-साथ संगठन के भीतर समन्वय मजबूत करने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पूनिया पंजाब में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर जमीनी स्थिति की जानकारी लेंगे।
डॉ पूनिया पहले दिन चंडीगढ़ में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद मंगलवार को वह जालंधर और दौरे के अंतिम दिन अमृतसर में रहेंगे। दोनों शहरों में वह कार्यकर्ताओं से लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तक के साथ बैठकें करेंगे।
इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों भी उनके साथ रहेंगे। बैठकों में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों, संगठन की स्थिति और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।
अकाली दल से गठबंधन पर भी नजर
पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। गठबंधन के किसी औपचारिक ऐलान से पहले पूनिया का पंजाब दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पार्टी नेतृत्व की कोशिश है कि किसी भी बड़े राजनीतिक फैसले से पहले प्रदेश नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कायम किया जाए और संगठन में असंतोष की स्थिति न बने। पूनिया इस दौरान नेताओं की राय और संगठन की तैयारियों को भी समझेंगे।
दिल्ली से ‘लाइन आफ एक्शन’ लेकर आ रहे पूनिया
पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कुछ दिन पहले दिल्ली में डा सतीश पूनिया की केंद्रीय मंत्री और पंजाब चुनाव प्रभारी सीआर पाटिल तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ बैठक हुई थी।
बताया जा रहा है कि इस बैठक में पंजाब को लेकर पार्टी की आगे की रणनीति और ‘लाइन आफ एक्शन’ पर चर्चा हुई। अब पूनिया उसी रणनीति को पंजाब में आगे बढ़ाने के लिए नेताओं से संवाद करेंगे।
गुलदस्ता नहीं, सिर्फ एक फूल से करें स्वागत
पूनिया ने पंजाब आने से पहले पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक और स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि दौरे के दौरान उनके स्वागत के लिए बड़े-बड़े गुलदस्ते, साफा, शाल, मालाएं या महंगे कपड़े न लाए जाएं। उन्होंने कहा कि सम्मान करना हो तो केवल एक फूल पर्याप्त है।
उन्होंने महंगे उपहारों के बजाय पुस्तक भेंट करने का सुझाव दिया। साथ ही कहा कि यदि कोई सम्मान के नाम पर खर्च करना चाहता है तो उस राशि का उपयोग किसी गौशाला, दिव्यांग व्यक्ति, अनाथ आश्रम या जरूरतमंद विद्यार्थी की मदद के लिए किया जा सकता है। विद्यार्थी की पढ़ाई में सहयोग करने को उन्होंने विशेष रूप से उपयोगी बताया।
पूनिया ने कहा कि सामाजिक या धार्मिक संस्था को दिए गए सहयोग की रसीद भी उन्हें भेंट की जा सकती है। उनके अनुसार यही सम्मान का अधिक सार्थक तरीका होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई निर्देश नहीं, बल्कि सम्मान की परंपरा को सादगी और सामाजिक सरोकार से जोड़ने का आग्रह है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुस्कुराकर आत्मीयता से मिलने और सादगी के साथ स्वागत करने की अपील की।
