यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 12, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
SYL नहर के मुद्दे पर घिर रहे सीएम मान, सब लगा रहे इल्जाम; अब पंजाब भाजपा ने कहा- नाटक कर रहे मुख्यमंत्री
पंजाब भाजपा उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक फतेहजंग सिंह बाजवा ने कहा है कि एसवाईएल नहर के मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान नाटक कर रहे हैं। उन्होंने लुधियान ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब भाजपा उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक फतेहजंग सिंह बाजवा (Fatehjung Singh Bajwa) ने कहा है कि एसवाईएल नहर (SYL Canal Dispute) के मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) नाटक कर रहे हैं। उन्होंने लुधियाना स्थित पंजाब कृषि विश्वविद्यालय में इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री द्वारा 1 नवंबर को विपक्षी नेताओं के साथ बहस को गैर जरूरी बताया।
सकारात्मक माहौल बनाने की कही बात
बाजवा ने कहा कि मान की मंशा उनके द्वारा सोशल मीडिया पर की जा रही टिप्पणियों से साफ हो जाती है, जिसमें वह कोई ठोस बात रखने की बजाय केवल विरोधियों को निशाने पर रख रहे हैं। अगर मुख्यमंत्री सही में विपक्षी नेताओं के साथ कोई सलाह मशविरा करना चाहते हैं तो इस डिबेट से पहले सकारात्मक माहौल बनाएं।
सुप्रीम कोर्ट में सही पक्ष नहीं रख रही मान सरकार
वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि जिस तरह की बयानबाजी उन्होंने की है उससे यही लगता है कि वह बहस के मंच पर सरकारी तंत्र के दम पर विपक्षी नेताओं के साथ टकराव ही करेंगे। सरकार सुप्रीम कोर्ट में पंजाब का सही पक्ष नहीं रख रही और यहां ऐसी डिबेट रख कर लोगों को गुमराह कर रही हैं। उन्होंने सभी विपक्षी नेताओं को इस डिबेट का बायकॉट करने की सलाह दी है क्योंकि डिबेट बहस के लिए हो रही है, किसी विचार विमर्श के लिए नहीं हो रही।