विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'राष्ट्रपति ने दिया कार्रवाई का भरोसा, आप बदले की राजनीति कर रही', द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात के बाद बोले राघव चड्ढा 

Published: Tue, 05 May 2026 12:22 PM (IST)

राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद आम आदमी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने राष्ट्रपति से मुलाकात की (फाइल फोटो)

राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने राष्ट्रपति से मुलाकात की (फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

चंडीगढ़, रोहित कुमार। राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने मंगलवार को राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पंजाब में राजनीतिक प्रतिशोध का माहौल बनाया जा रहा है और विरोध करने वालों को निशाना बनाया जा रहा है।

चड्ढा ने दावा किया कि इस पूरे मामले की शिकायत राष्ट्रपति से कर दी गई है और उन्होंने कार्रवाई का भरोसा भी दिया है। वहीं, मुख्यमंत्री भगवंत मान दोपहर करीब 12:00 बजे राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे।

राष्ट्रपति भवन से बाहर आने के बाद मीडिया से बातचीत में चड्ढा ने कहा कि जब तक नेता ‘आप’ में रहते हैं, उन्हें ईमानदार बताया जाता है, लेकिन पार्टी छोड़ते ही उन्हें भ्रष्ट करार दिया जाने लगता है। उन्होंने इसे दोहरे मापदंड बताते हुए कहा कि अब ‘आप’ खुद उसी राजनीति पर उतर आई है, जिसके खिलाफ वह कभी खड़ी हुई थी।

हरभजन सिंह के बारे में क्या बोले राघव?

चड्ढा ने आरोप लगाया कि पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह भज्जी को देशद्रोही तक कहा गया और उनके परिवार को भी निशाना बनाया गया। इसके अलावा उद्योगपति राजिंदर गुप्ता की फैक्ट्री पर कार्रवाई कर दबाव बनाने की कोशिश की गई। उन्होंने यह भी कहा कि संदीप पाठक के खिलाफ फर्जी एफआईआर दर्ज की गई है और एजेंसियों के जरिए डर का माहौल तैयार किया जा रहा है।

राज्यसभा सदस्य ने दावा किया कि अब उनके खिलाफ भी झूठा मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने इसे पूरी तरह राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए कहा कि अधिकारियों पर भी दबाव डाला जा रहा है। ट्रांसफर और सस्पेंशन की धमकियों के जरिए काम कराया जा रहा है, जो प्रशासनिक व्यवस्था के लिए गंभीर संकेत हैं।

आप पर लगाए गंभीर आरोप

चड्ढा ने कहा कि ‘आप’ के पास केवल एक राज्य की सत्ता है, जबकि भाजपा 21 राज्यों में है। ऐसे में यदि बदले की राजनीति का दौर शुरू होता है, तो हालात और बिगड़ सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इसका असर लोकतांत्रिक व्यवस्था पर पड़ेगा।

यह भी पढ़ें- बगावत की खबरों पर भड़के राजा वड़िंग, बोले- 'कांग्रेस एकजुट, अफवाह फैलाने वाले मुंह की खाएंगे'

पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार ज्यादा समय तक नहीं टिक पाएगी और यह चंद महीनों की ही मेहमान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में व्यापारी और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

चड्ढा के अनुसार, राष्ट्रपति को पंजाब में कथित तौर पर हो रही बदले की राजनीति और सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग की पूरी जानकारी दे दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मामले में उचित कदम उठाए जाएंगे।