विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 29, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

चंडीगढ़ ब्लास्ट मामले में पुलिस के हत्थे चढ़े 2 बदमाश, मुठभेड़ में 24 राउंड हुए फायर; 2 जवानों को भी लगी गोली

Published: Fri, 29 Nov 2024 08:56 PM (IST)

चंडीगढ़ ब्लास्ट मामले में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दोनों आरोपियों को गोली लगी है। ...और पढ़ें

चंडीगढ़ ब्लास्ट मामले में पुलिस के हत्थे चढे 2 और बदमाश (जागरण फाइल फोटो)
चंडीगढ़ ब्लास्ट मामले में पुलिस के हत्थे चढे 2 और बदमाश (जागरण फाइल फोटो)

HighLights

  1. चंडीगढ़ में बम धमके करने वाले बदमाशों और पुलिस में मुठभेड़
  2. साउथ बाइपास पर पीरावाली के कच्चे रास्ते पर हुई पुलिस के साथ मुठभेड़
  3. दोनों तरफ से करीब 24 राउंड फायरिंग

जागरण संवाददाता, हिसार। प्रधानमंत्री के दौरे से पहले 26 नवंबर को चंडीगढ़ में देसी बम से धमाके करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद शुक्रवार शाम हिसार में धरदबोचा। इनकी पहचान हिसार के देवा गांव निवासी 21 वर्षीय विनय और खरड़ निवासी 22 वर्षीय अजीत के रूप में हुई है।

दोनों बदमाशों ने पुलिस पर फायर किए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस को गोली चलानी पड़ी। दोनों तरफ से करीब 24 राउंड फायर हुए, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। मुठभेड़ में एसटीएफ हिसार के सब इंस्पेक्टर संदीप और अनूप को भी गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण वह बाल-बाल बच गए।

बदमाश अस्पताल में भर्ती

पुलिस को बदमाशों के कब्जे से 32 बोर के दो पिस्तौल और करीब सात कारतूस बरामद हुए हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दोनों बदमाश 24 नवंबर को करनाल से बम लेकर गए थे और चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित सेविले बार एंड लाउंज और डी ओरा क्लब के बाहर मंगलवार सुबह सवा करीब तीन बजे बम फेंकने के बाद फरार हो गए थे। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद चंडीगढ़ की क्राइम ब्रांच व स्पेशल सेल की टीमें उनका पीछा कर रही थी।

चंडीगढ़ एसटीएफ से ली मदद

शुक्रवार को दोनों बदमाशों के हिसार में होने का पता चला। चंडीगढ़ पुलिस ने हिसार एसटीएफ से मदद मांगी। दोनों बदमाश बाइक पर रेड स्क्वेयर मार्केट में आए हुए थे।

यहां से निकले तो पुलिस ने इनका पीछा शुरू कर दिया। पुलिस को देख बदमाश साउथ बाईपास से होते हुए पीरावाली के कच्चे रास्ते पर भागने लगे। अचानक बाइक गड्ढे में गिर गई। पुलिस के नजदीक आने के पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी फायरिंग से जवाब में फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के बाएं पैर में गोली लगी। इसी दौरान पुलिस ने दोनों को धरदबोचा और सिविल अस्पताल पहुंचाया।

दोनों बदमाश नेशनल लेवल पर खेल चुके हैं कबड्डी

मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार अजीत नेशनल लेवल पर सर्कल कबड्डी खेल चुका है और विनय भी नेशनल लेवल कबड्डी खेल चुका है। अजीत 10वीं पास है। अजीत पर आर्म्स एक्ट का एक मामला पहले भी दर्ज है। विनय जाट कालेज से बीए की पढ़ाई कर चुका हैं। विनय पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। दोनों खेल को छोड़कर अब अपराध की दुनिया में शामिल हुए।

करनाल में 24 नवंबर को मिले थे बम

विनय ने बताया कि उसका एक दोस्त पेटवाड़ निवासी साहिल जुलाना में एक हत्या के मामले में गिरफ्तार हुआ था। साहिल ने गिरफ्तारी से पहले उसको कहा था उसकी गिरफ्तारी की सूचना यूएसए में बैठे रणदीप को दे दें। उसने जब रणदीप को सूचना दी तो उसे सामान लेने का काम सौंपा गया। रणदीप ने उसे कहा था कि करनाल में उसे एक व्यक्ति कुछ सामान देगा और वह उसे लेकर चंडीगढ़ चला जाए।

विनय अपने दोस्त अजीत को लेकर करनाल गया और बस स्टैंड के किसी व्यक्ति ने उसको यह बम दिए थे। वह उनको लेकर चंडीगढ़ चला गया। विनय ने बताया कि वह बस से ही बम लेकर गए थे और चंडीगढ़ में उनको एक बाइक मिल गई थी।

उसके बाद उन्होंने रेकी की और 26 नवंबर की तड़के तीन बजे बम फेंके थे। पुलिस का कहना है कि दोनों ने गोल्डी बराड़ के कहने पर बम धमाके किए हैं।

बम फोड़ने के बाद बस से पहुंच गए हिसार चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित सेविले बार एंड लाउंज और डि ओरा क्लब के बाहर धमाके किए गए थे। सेविले बार एंड लाउंज क्लब के मालिकों में रैपर बादशाह भी पार्टनर हैं।

बम धमाके करने के बाद अजीत व विनय बस से हिसार आ गए थे। हिसार में घूमते रहे। सूत्रों की माने तो फुटेज के आधार पर हिसार एसटीएफ व पुलिस बल ने इनको पहचान लिया था। उसके बाद इनकी तलाश शुरू कर दी थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।