Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 28, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    चंडीगढ़ में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण: कहा- आजादी की 100वीं सालगिरह तक भारत दुनिया का सबसे विकसित देश होगा

    By Vikas SharmaEdited By: Ankesh Thakur
    Updated: Wed, 28 Sep 2022 12:38 PM (IST)

    केंद्रीय वित्त व कारपोरेट कार्यमंत्री निर्मला सीतारमण आज चंडीगढ़ एयरपोर्ट के नए नामकरण के लिए एयरपोर्ट पहुंचीं थी। उन्होंने शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्री ...और पढ़ें

    एयरपोर्ट के नामकरण कार्यक्रम में संबोधित करतीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण।
    एयरपोर्ट के नामकरण कार्यक्रम में संबोधित करतीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण।

    विकास शर्मा, चंडीगढ़। चंडीगढ़ एयरपोर्ट अब शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा चंडीगढ़ (Shaheed Bhagat Singh International Airport Chandigarh) के नाम से जाना जाएगा। बलिदानी भगत सिंह की जयंती पर केंद्रीय वित्त व कारपोरेट कार्यमंत्री निर्मला सीतारमण ने एयरपोर्ट का नामकरण किया है। नामकरण को लेकर एयरपोर्ट पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। 

    इस कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री  विजय कुमार सिंह, सांसद किरण खेर, हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व हरियाणा के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री अनिल कुमार विज खास तौर पर मौजूद रहे। 

    केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने संबोधन में कहा कि जब देश अपनी आजादी की 100वीं सालगिरह मनाएगा, तो भारत दुनिया में विकसित देश के रूप में जाना जाएगा। हम आत्मनिर्भरता की और बढ़ रहे हैं। आज  भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। जिस पर हम सभी गर्व कर सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का इसके लिए धन्यवाद किया। 

    एयरपोर्ट से शुरू होंगी और उड़ानें

    केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री विजय कुमार सिंह ने कहा कि शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़ पर तेजी से यात्रियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। एयरपोर्ट से दूसरे कई शहरों के लिए सीधी उड़ान है। आने वाले दिनों में कई और शहर जुड़ेंगे, तरक्की के नए आयाम स्थापित होंगे।

    खबरें और भी

    एयरपोर्ट के नाम का मामला कई वर्षों से लटकता रहा

    हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि यह दुखद है कि एयरपोर्ट ने नाम का मामला इतने वर्षों तक लटकता रहा। अब एयरपोर्ट पर आने जाने वाला हर व्यक्ति बलिदानी भगत सिंह के नाम को याद करेगा। इससे आने वाली पीढ़ियों को प्ररेणा मिलेगी। उन्होंने कहा हरियाणा और पंजाब दोनों राज्य मिलकर 23 मार्च 2023 तक एयरपोर्ट पर सरदार भगत सिंह की मूर्ति लगाएंगे। 

    एयरपोर्ट के नाम पर दोनों राज्यों की सहमति

    पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सिंह ने कहा कि एयरपोर्ट ने नए नाम को लेकर पंजाब और हरियाणा दोनों राज्यों में आपसी सहमति हुई है। नए नाम को लेकर मैंने और दुष्यंत चौटाला ने मिलकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखा था, जिस पर प्रधानमंत्री ने तुरंत फैसला लेते हुए  इसके नामकरण की मंजूरी दी। इसके लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में पंजाबी बसे हुए हैं ऐसे में अगर एयरपोर्ट से और इंटरनेशनल फ्लाइट्स शुरू हो जाएंगी, तो क्षेत्र के लोगों को और फायदा होगा। इससे पंजाब ही नहीं बल्कि पड़ोसी राज्य हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर तक के लोगों को भी फायदा होगा।