यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 15, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Punjab Weather Today: बढ़े पराली जलाने के मामले, हरियाणा में 72 FIR-2256 के काटे चालान; अगले 5 दिन वर्षा के आसार
एक तरफ पंजाब में मंगलवार को पराली जलाने की 1776 घटनाएं दर्ज हुईं जिससे खेतों में आग लगने की कुल संख्या अब 28117 हो गई। दीपावली के बाद पराली जलने के बढ ...और पढ़ें

HighLights
- पंजाब में पराली जलाने की कुल संख्या 28117 पहुंची
- बठिंडा, मानसा समेत कई जगह अभी 15 फीसदी कटाई शेष
- 72 एफआइआर दर्ज; 2256 किसानों के कटे चालान
- 5 दिन वर्षा के आसार, मौसम रहेगा शुष्क
जागरण टीम,चंडीगढ़। (Punjab-Haryana Stubble burning cases Increase) पंजाब में मंगलवार को पराली जलाने की 1776 घटनाएं दर्ज की गईं, जिससे खेतों में आग लगने की कुल संख्या 28117 हो गई। दीपावली के बाद पराली जलने के बढ़ते आंकड़ों से एक बार फिर प्रमुख शहरों का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) ‘खराब’ और ‘बहुत खराब’ श्रेणी में चला गया है।
बठिंडा का एक्यूआइ दीवाली से एक दिन पूर्व 55 था, जो मंगलवार को राज्य में सर्वाधिक 391 तक पहुंच गया।राज्य में नौ नवंबर को 639, दस नवंबर को छह, 11 नवंबर को 104, 12 नवंबर को 987 और 13 नवंबर को 1624 मामले सामने आए थे। राज्य में धान की कटाई लगभग खत्म हो चुकी है।
बठिंडा, मानसा समेत कई जगह अभी 15 फीसदी कटाई शेष
संगरूर, बरनाला, बठिंडा, मानसा में ही 15 प्रतिशत कटाई शेष है। गेहूं की बिजाई भी शुरू हो रही है। ऐसे में किसानों के पास बहुत कम समय बचा है। आशंका है कि किसान अब खेतों में पड़ी पराली के निस्तारण के बजाय इसे आग के हवाले करेंगे।
यह भी पढ़ें: बाबा बलबीर सिंह को जत्थेदार घोषित करने वाला निहंग सिंह निकला सरकारी कर्मचारी, जल्द श्री अकाल तख्त पर होगा पेश
हरियाणा में भी पराली जलाने के मामलों में आई तेजी
इससे पराली जलाने के आंकड़े बढ़ने पर राज्य की आबोहवा और खराब हो सकती है। हरियाणा में भी पराली जलाने के मामलों में तेजी आई है। पिछले चार दिन में पराली जलाने के 200 से अधिक मामले सामने आए हैं। हालांकि प्रदेश में 95 प्रतिशत धान की कटाई हो चुकी है, जबकि पिछले साल की तुलना में पराली जलाने के मामले 39 प्रतिशत घटे हैं।
72 एफआइआर दर्ज; 2256 किसानों के कटे चालान
पराली जलाने के आरोप में 72 एफआइआर दर्ज करते हुए 2256 किसानों के चालान किए गए हैं। आरोपित किसानों पर साढ़े पांच लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है। छोटी दीपावली के दिन किसानों ने 27 और दीपावली के दिन 110 स्थानों पर पराली जलाई। अगले दिन 44 स्थानों पर फसल अवशेष जलाए गए।
इस दौरान लगातार आतिशबाजी से प्रदेश की आबोहवा भी दमघोंटू बन गई। खासकर एनसीआर के गुरुग्राम और फरीदाबाद का एक्यूआइ सबसे खराब श्रेणी में रहा। 30 नवंबर तक हरियाणा के एनसीआर क्षेत्रों में बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।
5 दिन वर्षा के आसार, मौसम रहेगा शुष्क
5 दिन वर्षा के आसार लुधियाना आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) के मौसम विभाग की प्रमुख डा. पीके किंगरा के अनुसार राज्यभर के कुछ-कुछ हिस्सों में इस दौरान सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रह सकता है। मंगलवार को अधिकांश हिस्सों में दिन भर धूप निकली।
मोहाली का अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस हुआ दर्ज
मोहाली का अधिकतम तापमान सबसे अधिक 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अमृतसर का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना का 26.3 डिग्री सेल्सियस, पटियाला का 28.2 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा का 28 डिग्री, फरीदकोट का 27.6 डिग्री, गुरदासपुर का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

