फरीदकोट में बेटी के मंडप से पुलिस ने पिता को उठाया, मोटर चोरी का था केस
फरीदकोट के संधवां गांव में एक विवाह समारोह के दौरान पुलिस ने लड़की के धर्म पिता को चोरी के आरोप में हिरासत में ले लिया।

मोटर चोरी के केस में पिता को बेटी के मंडप से पुलिस ने उठाया।
HighLights
विवाह समारोह के बीच पुलिस ने व्यक्ति को हिरासत में लिया
चोरी के आरोप में लड़की के धर्म पिता की गिरफ्तारी हुई
पुलिस और परिवार के बीच धक्का-मुक्की, वीडियो वायरल
संवाद सहयोगी, फरीदकोट। जिले के गांव संधवां में एक विवाह समारोह के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब आनंद कारज के बीच पुलिस ने लड़की के पिता को हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान परिवार के सदस्यों और पुलिस कर्मचारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
जानकारी के अनुसार गत दिवस गांव संधवां में एक परिवार में विवाह समारोह चल रहा था और आनंद कारज की रस्में जारी थीं। इसी दौरान कुछ पुलिस कर्मचारी सिविल कपड़ों में मौके पर पहुंचे और लड़की के धर्म पिता को अपने साथ ले जाने लगे।
परिवार के सदस्यों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद मौके पर काफी हंगामा हुआ। गिरफ्तारी के विरोध में एक व्यक्ति पुलिस वाहन के आगे लेट गया, जिसे पुलिस कर्मचारियों ने हटाकर वाहन को वहां से रवाना कर दिया।
परिवार के सदस्यों का आरोप है कि सिविल कपड़ों में पहुंचे पुलिस कर्मचारियों ने व्यक्ति के साथ मारपीट की। हाथापाई के दौरान एक पुलिस कर्मचारी के हाथ में पिस्तौल भी दिखाई दी। परिवार का कहना है कि विवाह समारोह के दौरान इस तरह की कार्रवाई से उन्हें काफी परेशानी और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
परिवार के अनुसार पुलिस ने व्यक्ति को ट्रांसफार्मर और खेतों में लगी मोटरों की चोरी के मामलों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए हिरासत में लिया है। परिवार के सदस्यों का कहना है कि व्यक्ति ने पहले गलत गतिविधियों में शामिल होने की बात स्वीकार की थी, लेकिन अब उसने यह सब छोड़ दिया था। इसके बावजूद पुलिस द्वारा उसे एक अन्य मामले में फंसाने का आरोप लगाया गया है।
इस संबंध में थाना गिद्दड़बाहा के प्रभारी परविंदर सिंह ने बताया कि गरीब सिंह उर्फ राजू के खिलाफ थाना गिद्दड़बाहा में ट्रांसफार्मर और मोटरों की चोरी से संबंधित मामले में एफआइआर दर्ज है। पुलिस के अनुसार आरोपित एक गिरोह के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था और गिरोह के पांच सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
आरोपित लड़की का जैविक पिता नहीं, बल्कि धर्म का पिता
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त आरोपी गांव संधवां में एक विवाह समारोह में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जिसमें कुछ कर्मचारी वर्दी में और कुछ सिविल कपड़ों में थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गिरफ्तार किया आरोपित लड़की का जैविक पिता नहीं, बल्कि धर्म का पिता है।
पुलिस अधिकारी ने परिवार की ओर से लगाए गए मारपीट के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस की ओर से किसी के साथ मारपीट नहीं की गई। उनके अनुसार आरोपी के परिवार के सदस्यों ने पुलिस टीम के साथ हाथापाई की।
