7 रुपये के लॉटरी टिकट से जीते ₹10000000, पंजाब में मजदूर परिवार की चमकी किस्मत
कोटकपूरा की मजदूर महिला बिमला देवी ने मात्र सात रुपये की लॉटरी टिकट से सिक्किम सरकार की लॉटरी में एक करोड़ रुपये का इनाम जीता है।
-1792666267183_m.webp)
कोटकपूरा के मजदूर परिवार की चमकी किस्मत, मात्र 7 रुपये की लॉटरी टिकट से जीते एक करोड़ रुपये।
HighLights
बिमला देवी ने मात्र सात रुपये की लॉटरी टिकट खरीदी
सिक्किम सरकार की लॉटरी में एक करोड़ रुपये का इनाम जीता
जीत से परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरेगी और भविष्य बेहतर होगा
जतिंदर कुमार, फरीदकोट। कहते हैं कि किस्मत बदलने में देर नहीं लगती। ऐसा ही कुछ कोटकपूरा के एक मजदूर परिवार के साथ हुआ, जिसकी किस्मत महज सात रुपये की लॉटरी टिकट ने चमका दी। सिक्किम सरकार की लॉटरी में परिवार की महिला बिमला देवी ने एक करोड़ रुपये का इनाम जीत लिया।
इस खबर के सामने आते ही परिवार में खुशी का माहौल बन गया और आसपास के लोगों ने भी परिवार को बधाई दी। परिवार ने लॉटरी का यह टिकट एक दिन पहले ही रेलवे स्टेशन के पास स्थित स्टार लॉटरी स्टाल से खरीदा था।
पति करता है मजदूरी
जानकारी के अनुसार बिमला देवी के पति मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बिमला देवी शाम के समय रेलवे रोड पर कुछ सामान खरीदने के लिए आई थीं। इसी दौरान उनका लॉटरी टिकट खरीदने का मन हुआ और उन्होंने स्टार लॉटरी स्टाल से मात्र सात रुपये की एक टिकट खरीद ली। उस समय उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि यह छोटा-सा फैसला उनके परिवार की जिंदगी में इतनी बड़ी खुशियां लेकर आएगा।
अगले दिन शाम को जब लॉटरी का परिणाम घोषित हुआ तो उनकी टिकट पर एक करोड़ रुपये का इनाम निकला। लॉटरी स्टाल संचालक नरेश मोंगा ने परिवार को इसकी जानकारी दी। यह खबर सुनते ही परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार के सदस्य तुरंत लॉटरी स्टॉल पर पहुंचे, जहां दुकानदार ने उनका मुंह मीठा करवाकर खुशी साझा की। इस दौरान भंगड़ा डालकर भी जीत का जश्न मनाया गया।
अब बच्चों की परवरिश अच्छे से होगी: बिमला देवी
बिमला देवी ने बताया कि इस इनाम से उनके परिवार की आर्थिक परेशानियां काफी हद तक दूर हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि मजदूरी से परिवार का गुजारा करना आसान नहीं था, लेकिन अब बच्चों की परवरिश और उनके भविष्य को बेहतर बनाने की उम्मीद जगी है।
उन्होंने बताया कि अभी तक परिवार ने इनाम की राशि खर्च करने को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। परिवार के सदस्यों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए कोई छोटा कारोबार शुरू करने की योजना बनाई जाएगी, ताकि परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके और बच्चों को बेहतर भविष्य मिल सके।
पूरे इलाके में चर्चा
स्टार लॉटरी स्टाल के संचालक नरेश मोंगा ने बताया कि वह पिछले छह महीनों से लॉटरी का काम कर रहे हैं। कुछ समय पहले ही उन्होंने अपनी दुकान रेलवे स्टेशन के पास स्थानांतरित की थी। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी उनकी दुकान से लाखों रुपये के कई इनाम निकल चुके हैं, लेकिन पहली बार उनकी दुकान से एक करोड़ रुपये का इनाम निकला है।
नरेश मोंगा ने कहा कि मजदूर परिवार के लिए इतनी बड़ी राशि जीतना बेहद खुशी की बात है। उन्होंने बिमला देवी और उनके परिवार को इस शानदार जीत के लिए बधाई दी। वहीं, इस जीत के बाद इलाके में भी चर्चा का माहौल है और लोग परिवार को शुभकामनाएं दे रहे हैं। मात्र सात रुपये की टिकट से एक करोड़ रुपये का इनाम जीतने की यह घटना पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।