राजा वड़िंग का बड़ा एलान, CM भगवंत मान के खिलाफ लड़ेंगे चुनाव; 2027 में कांग्रेस की जीत का किया दावा
फरीदकोट में 'हर बूथ कांग्रेस मजबूत' कार्यक्रम के तहत भूपेश बघेल और राजा वड़िंग ने बैठक की, जहाँ वड़िंग ने भगवंत मान से मुकाबला करने की इच्छा जताई और 2 ...और पढ़ें

CM भगवंत मान के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे राजा वड़िंग। फोटो जागरण
HighLights
राजा वड़िंग ने भगवंत मान से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई।
कांग्रेस की फरीदकोट बैठक में कई वरिष्ठ नेता अनुपस्थित रहे।
राहुल गांधी के निर्देश पर संगठन में जमीनी स्तर पर बदलाव।
जागरण संवाददाता, फरीदकोट। हर बूथ कांग्रेस मजबूत कार्यक्रम के तहत बुधवार को कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल द्वारा फरीदकोट में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष राजा वड़िंग भी मौजूद रहे।
इस दौरान भूपेश बघेल ने आने वाले 2027 के चुनावों में कांग्रेस की एकतरफा जीत का दावा भी किया। हालांकि बैठक में बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी खेमे से जुड़े पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह ''किक्की'' ढिल्लों, अजयपाल सिंह संधू और पूर्व सांसद मोहम्मद सादिक समेत कई वरिष्ठ नेता अनुपस्थित रहे। बैठक के बाद पूर्व विधायक किक्की ढिल्लों ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि उन्हें बैठक के लिए आमंत्रित ही नहीं किया गया।
पुराने नेताओं की लगातार अनदेखी
उन्होंने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी में हाल के वर्षों में दूसरी पार्टियों से आए नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गईं, जबकि लंबे समय से कांग्रेस के लिए काम कर रहे पुराने नेताओं की लगातार अनदेखी की जा रही है।
लेकिन दूसरी ओर राजा वड़िंग ने उनके न पहुंचने के सवाल पर कहा कि किक्की ढिल्लों उनके भाई हैं, उन्हें कोई काम होगा इसलिए वे नहीं आ पाए होंगे।इस दौरान प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राजा वड़िंग ने सांसद रहते हुए विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर कहा कि यह फैसला राहुल गांधी और कांग्रेस हाईकमान करेगा।
खबरें और भी
कुलबीर सिंह जीरा के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने वड़िंग को शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ चुनाव लड़ने की बात कही थी, वड़िंग ने कहा कि यदि मुकाबला कराना ही है तो भगवंत मान से कराया जाए, क्योंकि सुखबीर सिंह बादल तो पहले ही जनता के बीच अपनी राजनीतिक जमीन खो चुके हैं।
राजा वड़िंग का बड़ा बयान, 2027 में भगवंत मान के खिलाफ चुनाव लड़ने का किया एलान pic.twitter.com/NaGNvA9gMg
— sushil kumar (@sushil1641993) August 5, 2026
संगठन की सबसे मजबूत कड़ी जिला स्तर का ढांचा
उन्होंने बताया कि राहुल गांधी संगठन में जमीनी स्तर के नेताओं की भागीदारी बढ़ाना चाहते हैं। जिला अध्यक्षों को टिकट वितरण प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा और ब्लॉक अध्यक्षों की राय को भी महत्व दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन की सबसे मजबूत कड़ी जिला स्तर का ढांचा है और उसे और सशक्त बनाया जाएगा। राजा वड़िंग ने कहा कि राहुल गांधी ने उन्हें एक सामान्य कार्यकर्ता होने के बावजूद प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी।
चन्नी से कोई आपत्ति नहीं- वड़िंग
अब उनकी भी कोशिश है कि राजनीति में आने के इच्छुक युवाओं और गैर राजनीतिक परिवारों से जुड़े लोगों को आगे बढ़ने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि बड़े और प्रभावशाली नेताओं के कारण कई योग्य युवाओं को मौका नहीं मिल पाता, लेकिन कांग्रेस उन्हें आगे लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के साथ संबंधों पर पूछे गए सवाल के जवाब में राजा वड़िंग ने कहा कि चन्नी उनके लिए सम्मानित नेता हैं। उन्होंने कहा कि कोई चन्नी के समर्थन में नारे लगाता है, कोई उनके समर्थन में और कोई किसी अन्य नेता के पक्ष में। इससे उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, क्योंकि सभी कांग्रेस परिवार का हिस्सा हैं।