फरीदकोट डीसी कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, आनन-फानन में खाली कराया गया ऑफिस
फरीदकोट के मिनी सचिवालय स्थित डिप्टी कमिश्नर कार्यालय को ईमेल से बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत सर्च ऑपरेशन चलाया।
-1787049672630_m.webp)
फरीदकोट के डीसी कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी।
HighLights
डीसी कार्यालय को ईमेल से बम से उड़ाने की धमकी मिली।
खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजी गई थी ईमेल।
पुलिस ने सघन तलाशी ली, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
संवाद सहयोगी, फरीदकोट। स्थानीय मिनी सचिवालय स्थित डिप्टी कमिश्नर कार्यालय को मंगलवार दोपहर ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने से जिला पुलिस में हड़कंप मच गया। धमकी को गंभीरता से लेते हुए डीएसपी तरलोचन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत डिप्टी कमिश्नर कार्यालय परिसर में सर्च आपरेशन शुरू किया।
जानकारी के अनुसार डिप्टी कमिश्नर कार्यालय को कथित तौर पर खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से ईमेल भेजकर बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल मिलने के तुरंत बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
-1787049691438.webp)
एहतियात के तौर पर पुलिस ने कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों को बाहर निकालकर पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी। सर्च आपरेशन के दौरान एंटी-सैबोटाज टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से डिप्टी कमिश्नर कार्यालय की इमारत, आसपास के क्षेत्र तथा अन्य स्थानों की बारीकी से तलाशी ली गई। हालांकि, तलाशी के दौरान पुलिस को किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।
इस संबंध में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि ईमेल के माध्यम से धमकी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर की गहन जांच की। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी राज्य के विभिन्न हिस्सों और फरीदकोट में इस तरह की झूठी धमकियां मिल चुकी हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन प्रत्येक धमकी को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा के सभी आवश्यक कदम उठाता है।

डीएसपी ने बताया कि डिप्टी कमिश्नर कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में भी बारीकी से जांच की गई है। फिलहाल कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को सतर्क रखा गया है।
