पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में बर्थडे पार्टी ने लिया खूनी रूप, बीच-बचाव करने आए युवक के सिर में लगी गोली
मंडी गोबिंदगढ़ के गोल्डन हाइट्स होटल में बर्थडे पार्टी के दौरान हुए विवाद में फायरिंग हो गई, जिससे एक युवक गुरजंट सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। ...और पढ़ें

बर्थडे पार्टी में फायरिंग, एक युवक घायल।
HighLights
बर्थडे पार्टी में मामूली विवाद पर फायरिंग हुई
गुरजंट सिंह के सिर में गोली लगी, हालत गंभीर
पुलिस ने कई आरोपियों पर मामला दर्ज किया
हितेश शर्मा, मंडी गोबिंदगढ़। नेशनल हाईवे स्थित गोल्डन हाइट्स होटल में बर्थडे पार्टी के दौरान मामूली विवाद में फायरिंग हो गई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
शिकायतकर्ता गौरव शर्मा के अनुसार वह अपने दोस्त प्रिंस की बर्थडे पार्टी में शामिल होने होटल गया था। वहां अमरजीत सिंह उर्फ पहलवान ने नशे में उससे गाली-गलौज की और अपने साथियों को बुला लिया। आरोप है कि अमरजीत सिंह और सुखी संधू रिवॉल्वर लेकर पहुंचे। डर कर गौरव जब होटल से बाहर निकला तो आरोपियों ने पीछा कर फायरिंग कर दी।
बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त अजनाली निवासी गुरजंट सिंह के सिर के बाईं ओर गोली लगी। उसे पहले सिविल अस्पताल मंडी गोबिंदगढ़ और बाद में सेक्टर-32, चंडीगढ़ रेफर किया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने गौरव की शिकायत पर अमरजीत सिंह उर्फ पहलवान, सुखजीत सिंह, चरणजीत सिंह, सुखी संधू, चन्ना और अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), 351(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस नंबर 256 दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मौका मुआयना के दौरान कोई खाली कारतूस बरामद नहीं हुआ है, फायरिंग के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।