विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फतेहगढ़ साहिब पुलिस की बड़ी उपलब्धि, CEIR पोर्टल की मदद से 1 करोड़ के 500 गुमशुदा मोबाइल बरामद; मालिकों को लौटाए

Updated: Thu, 20 Aug 2026 01:46 PM (GMT+05:30)

फतेहगढ़ साहिब पुलिस के तकनीकी विंग ने 1 करोड़ रुपये मूल्य के 500 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे।

फतेहगढ़ साहिब पुलिस की बड़ी उपलब्धि (फोटो: जागरण)

फतेहगढ़ साहिब पुलिस की बड़ी उपलब्धि (फोटो: जागरण)

HighLights

  1. 1 करोड़ रुपये के 500 मोबाइल बरामद।

  2. CEIR पोर्टल और डिजिटल ट्रैकिंग का उपयोग।

  3. पुलिस ने मालिकों को फोन सौंपे, आभार व्यक्त।

दीपक सूद, फतेहगढ़ साहिब। जिला फतेहगढ़ साहिब पुलिस के टेक्निकल विंग ने आधुनिक तकनीक का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। बाबा बंदा सिंह बहादुर इंजीनियरिंग कॉलेज, फतेहगढ़ साहिब में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस प्रमुख शुभम अग्रवाल ने ट्रेस किए गए गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सुपुर्द किए।

शुभम अग्रवाल ने प्रेसवार्ता और कार्यक्रम के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की साइबर और टेक्निकल टीमों की निरंतर मेहनत के बदौलत लगभग 1 करोड़ रुपये की कीमत के 500 मोबाइल फोन रिकवर किए गए हैं। इस पूरे अभियान में भारत सरकार के CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल और लेटेस्ट डिजिटल ट्रैकिंग सर्विलांस तकनीकों की मुख्य भूमिका रही।

जनता से सतर्क रहने की अपील और चेतावनी

एसएसपी शुभम अग्रवाल ने आम जनता से अपील की कि यदि किसी नागरिक का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाता है, तो वे तुरंत इसकी सूचना नजदीकी सांझ केंद्र में दें या स्वयं CEIR पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं ताकि फोन का दुरुपयोग रोका जा सके और उसकी ट्रैकिंग जल्द शुरू की जा सके।

इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने लोगों को बिना बिल या अनजान व्यक्तियों से पुराना मोबाइल खरीदने के प्रति कड़ा आगाह किया। पुलिस ने चेतावनी दी कि बिना प्रामाणिक बिल के चोरी या संदिग्ध मोबाइल खरीदना और इस्तेमाल करना कानूनी अपराध की श्रेणी में आता है, जिसके लिए सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

लोगों ने व्यक्त किया आभार

अपने खोए हुए महंगे मोबाइल वापस पाकर विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मोबाइल स्वामियों ने फतेहगढ़ साहिब पुलिस और तकनीकी टीम की कार्यप्रणाली की भूरी-भूरी प्रशंसा की तथा त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन का दिल से धन्यवाद व्यक्त किया।