Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फिजियोथेरेपिस्ट ने कांवड़ियों पर चढ़ाई कार, तीन की मौत; पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में भीषण सड़क हादसा

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 10:38 PM (IST)

    सरहिंद में एक तेज रफ्तार कार ने गंगोत्री से लौट रहे कांवड़ियों को कुचल दिया, जिससे तीन की मौके पर ही मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। ...और पढ़ें

    फिजियोथेरेपिस्ट ने कांवड़ियों पर चढ़ाई कार, तीन की मौत।

    फिजियोथेरेपिस्ट ने कांवड़ियों पर चढ़ाई कार, तीन की मौत।

    जागरण संवाददाता, फतेहगढ़ साहिब। अमृतसर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सरहिंद में एक तेज रफ्तार कार चालक ने गंगोत्री से डाक कांवड़ लेकर लौट रहे कांवड़ियों को कुचल दिया। इस हादसे में तीन कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा शनिवार देर रात करीब दो बजे हुआ। पुलिस ने हादसे के 12 घंटे के भीतर लुधियाना से कार चालक को गिरफ्तार कर वाहन बरामद कर लिया। आरोपित फिजियोथेरेपिस्ट है और लुधियाना का रहने वाला है।

    हादसे में मारे गए लोगों की पहचान महिंदर पाल, जगदीश मित्तल उर्फ शालू, दीपक कुमार उर्फ दीपू के रूप में हुई है। सभी फरीदकोट जिले के कोटकपूरा के रहने वाले थे। वहीं घायल मुकेश गोयल निवासी कोटकपूरा को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

    यह दुर्घटना सरहिंद से मंडी गोबिंदगढ़ की ओर जाते समय दादा मोटर्स के पास हुई। चश्मदीद कांवड़िये जगसीर सिंह ने बताया कि वह साथी के साथ नेशनल हाईवे के किनारे चल रहे थे। आगे दीपक, महिंदर पाल, जगदीश और मुकेश कांवड़ कंधे पर उठाकर जा रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार महिंद्रा एक्सयूवी कार आई और चारों पर चढ़ा दी।

    इससे कार घूमी तो चालक ने फिर उसे सीधी कर तेजी से भगाते हुए कांवड़ियों को फिर रौंदता हुआ फरार हो गया। मौके पर पहुंचने पर तीन लोग खून से लथपथ पड़े मिले और दीपक गायब था। साथियों को फोन कर अंधेरे में टार्च से दीपक की तलाश शुरू की।

    खबरें और भी

    करीब 15 मिनट बाद वह हाईवे रेलिंग के नीचे स्लिप रोड किनारे घास में पड़ा मिला। तब तक महिंदर पाल, जगदीश और दीपक दम तोड़ चुके थे। मुकेश को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

    गुस्साए कांवड़ियों ने सुबह से दोपहर तक ददा धरना

    सूचना मिलने पर सरहिंद के शिवभक्त और कांवड़ सेवा संघ के सेवादार मौके पर पहुंचे। गुस्साए कांवड़ियों ने आरोपित कार चालक की गिरफ्तारी होने तक हाईवे के किनारे स्लिप रोड पर सुबह से दोपहर तक दरियां बिछाकर धरना लगा दिया था। जब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां मौके पर आए और कार्रवाई का भरोसा दिया तो वह धरने से उठ गए।

    चंडीगढ़ से लुधियाना जा रहा था आरोपित फिजियोथेरेपिस्ट

    फतेहगढ़ साहिब के डीएसपी कुलबीर सिंह ने बताया कि लुधियाना से गिरफ्तार 53 वर्षीय त्रिलोचन सिंह पेशे से फिजियोथेरेपिस्ट हैं। हादसे के समय वह कार में चंडीगढ़ की ओर से लुधियाना जा रहे थे। वह सुभाष नगर बस्ती जोधेवाल के रहने वाले हैं है और राहों रोड पर प्रैक्टिस करते हैं। पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

    कार की नंबर प्लेट टूटकर गिरी तो मालिक की हुई पहचान

    हादसे में कार की नंबर प्लेट (पीबी-10-केएम-8886) टूटकर मौके पर गिर गई थी। एसएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि डीएसपी कुलबीर सिंह संधू और एसएचओ राजवंत सिंह की टीमों ने इसे ट्रेस किया और लुधियाना के पक्खोवाल रोड से कार मालिक त्रिलोचन सिंह को गिरफ्तार कर महिंद्रा एक्सयूवी कार बरामद कर ली। उससे पूछताछ जारी है।

    तीन वर्ष पहले भी राजपुरा के पास इसी जत्थे के एक कांवड़िये की हुई थी मौत

    जत्थे में शामिल कांवड़ियों ने बताया कि कोटकपूरा के शिव त्रिलोकी नाथ और न्यू शिव कांवड़ संघ हर साल सावन में गंगोत्री से डाक कांवड़ लाते हैं। इस बार 70 कांवड़िये थे। न्यू शिव संघ ने तीन अगस्त और 38वीं यात्रा पर निकले त्रिलोकी नाथ संघ ने चार अगस्त को यात्रा शुरू की थी। हरिद्वार के बाद दोनों जत्थे एक साथ हो गए। उन्होंने बताया कि तीन वर्ष पहले भी राजपुरा के पास इसी जत्थे के एक कांवड़िये की हाईवे पर मौत हुई थी।

    मृतकों के परिवार को दो-दो लाख रुपये मुआवजे का एलान

    रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे विधायक लखबीर सिंह राय मौके पर पहुंचे और शिव भक्तों व कांवडि़यों को कार्रवाई का भरोसा दिया। दोपहर को कोटकपूरा से विधायक और विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां भी घटनास्थल पर आए।

    उन्होंने कांवड़ियों से मुलाकात कर दुख जताया और एसएसपी से कार्रवाई की जानकारी ली। संधवां ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिवार को दो-दो लाख रुपये मुआवजा और घायल का पूरा इलाज सरकारी खर्च पर करने का एलान किया।