Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में एक ही परिवार के दो मासूमों की दो दिन में मौत, गांव में दहशत का माहौल; जांच में जुटी पुलिस

    Updated: Wed, 22 Jul 2026 07:36 PM (IST)

    अमलोह के खनयान गांव में एक ही परिवार के दो बच्चों की दो दिन के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग जांच कर ...और पढ़ें

    फतेहगढ़ साहिब में एक ही परिवार के दो मासूमों की दो दिन में मौत। फाइल फोटो

    फतेहगढ़ साहिब में एक ही परिवार के दो मासूमों की दो दिन में मौत। फाइल फोटो

    HighLights

    1. खनयान गांव में दो बच्चों की संदिग्ध मौत।

    2. परिवार में 13 दिन की बच्ची और 4 साल का बच्चा मृत।

    3. घर में रखे गेहूं में सल्फास की गंध मिली।

    संवाद सूत्र, अमलोह (फतेहगढ़ साहिब)। गांव खनयान में दो दिन के भीतर एक ही परिवार के दो बच्चों की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस और सेहत विभाग हर पहलू से जांच कर रहे हैं।

    सिविल अस्पताल अमलोह के एसएमओ डॉ. जशनप्रीत सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह चार बजे गांव खनयान से चार साल के मनराज सिंह को अस्पताल लाया गया था। बच्चे को उल्टियां लग रही थीं और पेट खराब था। ये लक्षण फूड प्वायजनिंग जैसे थे। हालत गंभीर होने पर उसे रैफर कर दिया गया। परिजन उसे खन्ना के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां जतिंदर सिंह के चार साल के बेटे मनराज की मौत हो गई।

    इससे दो दिन पहले 20 जुलाई को इसी संयुक्त परिवार में एक और मौत हुई थी। रुपिंदर सिंह की 13 दिन की नवजात बच्ची की मौत ऐसे ही लक्षणों के चलते हो गई थी। परिवार ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। इसी बच्ची की मां लखविंदर कौर को भी फूड प्वायजनिंग जैसे लक्षणों के साथ अस्पताल लाया गया था। उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। उसे चंडीगढ़ के सेक्टर 32 के सरकारी अस्पताल रैफर किया गया है।

    दो मौतों के बाद सेहत विभाग हरकत में आ गया। एसएमओ डॉ. जशनप्रीत सिंह ने टीम के साथ गांव का दौरा किया। उन्होंने पड़ोस के परिवारों और ग्रामीणों से बात की। उन्होंने बताया कि गांव में किसी अन्य व्यक्ति में फूड प्वायजनिंग, डायरिया या पेट खराब होने जैसे लक्षण नहीं मिले हैं। इससे मामला सिर्फ एक घर तक सीमित लग रहा है।पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है।

    खबरें और भी

    घर से अनाज और पानी के सैंपल लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए मोहाली की फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा। थाना अमलोह के एसएचओ तरणजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। मौत के सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होंगे।

    जानकारी के अनुसार घर में रखे गेहूं में हाल ही में सल्फास की गोलियां डाली गई थीं। उसकी बदबू घर में फैली हुई थी। इसी गेहूं के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। सल्फास बेहद जहरीली दवा है। इसके धुएं से भी जान जाने का खतरा रहता है।