फाजिल्का में बड़ी आपराधिक साजिश नाकाम, पंजाब पुलिस ने हथियारों के साथ छह बदमाश किए गिरफ्तार
फाजिल्का में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

पंजाब पुलिस ने हथियारों के साथ छह बदमाश किए गिरफ्तार (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
फाजिल्का में बड़ी आपराधिक साजिश को समय रहते नाकाम किया।
पुलिस ने छह आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया।
तीन पिस्तौल, छह मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।
जागरण संवाददाता, फाजिल्का। थाना सिटी जलालाबाद पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को समय रहते नाकाम करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल, छह मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, एक खोल, दो कापे बरामद हुई है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
जांच अधिकारी हेड कॉन्स्टेबल बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव मटवाना कला और आसपास के क्षेत्रों के कुछ युवक गांव मुहम्मदे वाला स्थित एक बंद पड़े शैलर के ग्राउंड में अवैध हथियारों के साथ इकट्ठा होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए मौके पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान अमन कुमार उर्फ अमना, वरिंदर सिंह, बूड़ सिंह, अरसदीप सिंह उर्फ सिंघा, करण और परमजीत सिंह को मौके से काबू कर लिया, जबकि साजन सिंह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
तलाशी के दौरान आरोपितों के कब्जे से तीन पिस्तौल, छह मैगजीन, चार जिंदा राउंड, एक खाली खोल, दो कापे बरामद हुए। बरामद हथियारों को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपितों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार कहां से लाए गए थे, उनका इस्तेमाल किस वारदात में किया जाना था और इनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी जुड़ा हुआ है या नहीं। फरार आरोपित की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। बीएन