गुरदासपुर में विकास को मिलेगी रफ्तार, 303 किलोमीटर सड़कों का बिछेगा जाल
विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने जलालाबाद में 303 किलोमीटर नई सड़कों के निर्माण की घोषणा की, जिससे गांवों को बेहतर संपर्क मिलेगा। 59.89 करोड़ रुपये के बजट ...और पढ़ें
-1776075045186_m.webp)
303 किमी सड़कों का जाल बिछेगा, विकास को मिलेगी रफ्तार: विधायक
HighLights
जलालाबाद में 303 किमी नई सड़कों का निर्माण होगा
किसानों को 24 घंटे में गेहूं भुगतान, मुआवजा मिलेगा
सड़क गुणवत्ता पर सख्त निगरानी, ठेकेदारों पर कार्रवाई
संवाद सूत्र, जलालाबाद। जलालाबाद में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने मार्केट कमेटी में प्रेस कांफ्रेंस कर क्षेत्र के लिए बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 303 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिससे गांवों और ढाणियों को बेहतर संपर्क मिलेगा। इसके साथ ही बुनियादी ढांचे, किसानों के हित, नशे के खिलाफ कार्रवाई और आगामी योजनाओं पर भी विस्तार से जानकारी साझा की गई।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में 91 किलोमीटर सड़कों को मंजूरी दी गई थी, जबकि दूसरे चरण में 220.65 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इस तरह कुल 303 किलोमीटर का रोड नेटवर्क तैयार होगा। इसके अलावा 26-27 किलोमीटर सड़कों का प्रस्ताव प्रक्रिया में है। इन सभी कार्यों के लिए करीब 59 करोड़ 89 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
विधायक ने प्रमुख सड़कों का विवरण भी साझा किया। मलोट-फाजिल्का रोड से साउदर्न ब्रांच नहर के साथ बेगांवाली तक 16.15 किलोमीटर लंबा बाईपास बनाया जाएगा, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा और कई गांवों को सीधा संपर्क मिलेगा। इसके अलावा जैम वाला से गाम संधू, लधुवाला उताड़ से विभिन्न ढाणियों, मुक्तसर-जलालाबाद रोड से ढाणी गुरजीत सिंह, ढंडी कदीम से ढाणी फुल्ला सिंह और सुक्कड़ चक्क से कानेवाला तक नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा। धार्मिक स्थलों के लिए भी विशेष मार्ग तैयार किए जा रहे हैं।
अरनीवाला से जंडवाला भीमे शाह बाबा जी के डेरे तक 6.20 किलोमीटर लंबी सड़क ‘बाबा खुशदिल मार्ग’ के नाम से जानी जाएगी। इसी तरह चक पक्की में डेरा बाबा सेवा सिंह जी के लिए 1.5 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। विधायक ने सड़कों की गुणवत्ता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ठेकेदारों पर पहली गलती पर जुर्माना और दूसरी बार ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सड़कें तय मानकों के अनुसार बनाई जाएं।
खबरें और भी
शहर के विकास कार्यों पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि बाहमणी चुंगी रोड और नए बस स्टैंड के पास की सड़कों के लिए करोड़ों रुपये के प्रोजेक्ट पास हो चुके हैं और जल्द ही काम शुरू होगा। नगर काउंसिल चुनावों को लेकर उन्होंने पारदर्शिता का भरोसा दिलाया और छह महीनों में बड़े बदलाव का दावा किया। किसानों के हित में उन्होंने घोषणा की कि गेहूं की खरीद जल्द शुरू होगी और भुगतान 24 घंटे के भीतर खातों में पहुंचेगा।
बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान पर 20,000 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा बेअदबी के मामलों पर सख्त कानून बनाने की बात कहते हुए उन्होंने दोषियों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान करने का संकेत दिया। नशे के खिलाफ जीरो टालरेंस नीति अपनाते हुए पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए हैं।