पंजाब के फाजिल्का में बुलेट से पटाखे फोड़ नाका तोड़ा, SHO ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर दो युवकों को दबोचा; Video वायरल
अबोहर में पुलिस ने बुलेट पर पटाखे फोड़ते और स्टंट करते दो युवकों को नाका तोड़कर भागने की कोशिश करते हुए पकड़ा। ...और पढ़ें
HighLights
अबोहर में बुलेट पर स्टंट करते युवक पकड़े गए
पुलिस नाका तोड़कर भागने का प्रयास किया
थाना प्रभारी ने पीछा कर युवकों को काबू किया
जागरण संवाददाता, अबोहर। बुधवार देर रात शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और हुड़दंग करने वालों पर शिकंजा कसते हुए पंजाब पुलिस ने एक सख्त कार्रवाई की, जिसकी पूरे शहर में चर्चा रही। अग्रसेन चौक के पास नगर थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर मनिंदर सिंह की अगुवाई में पुलिस नाकाबंदी कर रही थी।
इसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक तेज रफ्तार में पटाखे छोड़ते और स्टंटबाजी करते हुए नाके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर दोनों ने नाका तोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने खुद दौड़ लगाकर उनका पीछा किया और पुलिस टीम की मदद से दोनों युवकों को काबू कर लिया।
पुलिस ने मौके पर बुलेट मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर थाने में बंद कर दिया तथा दोनों युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि यह जांच की जा रही है कि युवकों ने पुलिस नाका क्यों तोड़ा और उनके इस कृत्य के पीछे क्या कारण था। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर का माहौल खराब करने या कानून की अवहेलना करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
इंस्पेक्टर मनिंदर सिंह ने कहा कि बुलेट पर पटाखे चलाना, स्टंटबाजी करना और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें ऐसे कृत्यों से दूर रहने की सीख दें, ताकि वे अपराध की राह पर न बढ़ें।
खबरें और भी
इस कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और विभिन्न प्लेटफॉर्म पर लाखों बार देखा जा चुका है। आम लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी टीम की तत्परता की प्रशंसा करते हुए इसे कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में प्रभावी कदम बताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में शांति और अनुशासन बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए।