विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 24, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

फिरोजपुर में टला बड़ा हादसा, स्‍कूल वैन में धमाके के बाद लगी आग; चालक ने फुर्ती दिखा 35 बच्चों की बचाई जान

Published: Sat, 24 Aug 2024 07:55 AM (IST)

Punjab News पंजाब के फिरोजपुर में स्‍कूल वैन के अगले हिस्‍से में धमाका होने से आग लग गई। चालक ने ...और पढ़ें

फिरोजपुर में स्‍कूल वैन में लगी आग
फिरोजपुर में स्‍कूल वैन में लगी आग

HighLights

  1. चालक ने मिट्टी डालकर बुझाई आग
  2. सीएनजी के पाइप में लगी थी आग

जागरण संवाददाता, गुरुहरसहाय (फिरोजपुर)। गांव उताड़ के पास बच्चों को स्कूल ले जा रही एक वैन में धमाके के बाद अचानक आग लग गई। चालक की सक्रियता से वैन में सवार 35 बच्चों की जान बच गई।

बस के अगले हिस्‍से में हुआ धमाका

जानकारी के अनुसार जेएन इंटरनेशनल स्कूल जीवां अराईं की स्कूल वैन गुरुवार को गांव मादीके, गांव वादियां व गांव मेघाराय से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। जैसे ही स्कूल वैन गांव उताड़ के करीब पहुंची तो उसके अगले हिस्से में धमाका हुआ। इसके बाद चालक ने वैन को साइड में रोककर चेक किया तो सीएनजी के पाइप में आग लग गई थी।

चालक ने मिट्टी डालकर आग पर पाया काबू

चालक ने तत्काल सड़क किनारे से मिट्टी डालकर आग पर काबू पा लिया। उसने बच्चों के अभिभावकों को फोन कर उन्हें वापस घर भेज दिया। गनीमत यह रही कि पाइप के अंदरूनी हिस्से तक आग नहीं पहुंची थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

यह भी पढ़ें: Punjab News: नशे की ओवरडोज से युवक की मौत, इकलौते बेटे के खोने से पिता की टूटी बुढ़ापे की लाठी

धमाके के बाद आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे, जबकि सूचना मिलने पर थाना गुरुहरसहाय के एसएचओ अभिनव चौहान पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने सूचना आरटीओ को दी।

2011 के बाद नहीं हुई थी वैन की फिटनेस जांच

आरटीओ करनवीर सिंह के निर्देश पर कुछ ही देर में सहायक परिवहन अधिकारी राजेश कुमार बंसल मौके पर पहुंच गए। एटीओ राजेश कुमार बंसल ने जब वैन के दस्तावेजों की जांच की तो पाया कि उसकी फिटनेस सितंबर, 2011 में खत्म हो चुकी थी। टैक्स भी 30 जून 2015 तक ही जमा था। इंश्योरेंस भी 26 मार्च, 2020 को खत्म हो चुका थी। हादसे के बाद बच्चों के अभिभावक शुक्रवार सुबह 10 बजे स्कूल पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।

यह भी पढ़ें: Punjab News: जेल के बाहर सड़क पर 4 घंटे तक तड़पता रहा बीमार कैदी, किसी को नहीं आया तरस, हालत नाजुक

अभिभावकों की नाराजगी को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने लिखित में उन्हें भरोसा दिया कि अवैध रूप से सीएनजी किट लगाकर चलाई जा रही इस वैन का स्कूल दोबारा इस्तेमाल नहीं करेगा। इसके बाद अभिभावकों ने प्रदर्शन खत्म किया। स्कूल के प्रिंसिपल रविंदर कुमार से जब इस संबंध में बात की तो उनका कहना था कि यह कोई खास बात नहीं है। किसी बच्चे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।