फिरोजपुर में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, गाड़ी से 30 किलो संदिग्ध पनीर और भारी मात्रा में नकली देसी घी जब्त
फिरोजपुर में स्वास्थ्य विभाग ने एक गाड़ी से 30 किलो संदिग्ध पनीर और 2 किलो देसी घी जब्त किया। ...और पढ़ें
-1782813929898_m.webp)
फिरोजपुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई (फोटो: जागरण)
HighLights
स्वास्थ्य विभाग ने फिरोजपुर में संदिग्ध खाद्य सामग्री पकड़ी।
30 किलो पनीर और 2 किलो देसी घी बरामद हुआ।
नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, कार्रवाई जारी।
संवाद सहयोगी, फिरोजपुर। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार सुबह नियमित जांच अभियान के दौरान संदिग्ध खाद्य सामग्री से भरी एक गाड़ी को कब्जे में लेकर 30 किलो पनीर और दो किलो देसी घी बरामद किया।
प्राथमिक जांच में देसी घी के डिब्बे पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं मिली, जबकि पनीर भी सामान्य बाजार भाव से काफी कम कीमत पर बेचा जा रहा था। विभाग ने दोनों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग के फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर अभिनव खोसला ने बताया कि जांच के दौरान पकड़ी गई गाड़ी में 30 किलो पनीर और दो किलो देसी घी मिला। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह यह सामान हरियाणा के डबवाली जिला सिरसा से लेकर आया था और इसकी डिलीवरी जीरा में होनी थी। टीम ने मौके पर ही गाड़ी को कब्जे में लेकर स्वास्थ्य विभाग कार्यालय पहुंचाया, जहां सैंपल भरने की कार्रवाई की गई।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरवीर सिंह सिद्धू ने बताया कि बाजार में सामान्य तौर पर पनीर की कीमत 400 से 500 रुपये प्रति किलो होती है, जबकि बरामद पनीर मात्र 200 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचा जा रहा था।
ऐसे में पनीर के सिंथेटिक या मिलावटी होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसकी पुष्टि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। उन्होंने कहा कि मिलावटी या सिंथेटिक खाद्य पदार्थों का सेवन लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
इससे पेट, लिवर, ब्लड प्रेशर सहित कई अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषी पाए जाने वालों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।