विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजपुर में दिनदहाड़े कार सवार हमलावरों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, एक की मौत; नगर पंचायत प्रधान भी थे निशाने पर

Published: Sat, 29 Aug 2026 11:46 PM (IST)

ममदोट में चार कार सवार हमलावरों ने बाइक सवार दो युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें एक की मौत और ...और पढ़ें

ताबड़तोड़ फायरिग में शख्स की मौत। फाइल फोटो

ताबड़तोड़ फायरिग में शख्स की मौत। फाइल फोटो

संवाद सहयोगी, फिरोजपुर। ममदोट के मुख्य बाजार में शनिवार देर शाम उस समय दहशत फैल गई, जब चार कार सवार हमलावरों ने उतरकर बाइक सवार दो युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (45) की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (22) गंभीर रूप से घायल हो गया।

वारदात के बाद दोनों को उपचार के लिए फिरोजपुर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गुरप्रीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत को देखते हुए हरप्रीत सिंह को आगे के उपचार के लिए लुधियाना के निजी अस्पताल रेफर किया गया है।

पीछे कार में आ रहे थे नगर पंचायत प्रधान

पुलिस के अनुसार, वारदात के दौरान ममदोट नगर पंचायत के नवनियुक्त प्रधान विक्की मैनी भी मौके पर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि हमलावरों का मुख्य निशाना विक्की मैनी थे। वह मृतक गुरप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह की बाइक के पीछे अपनी कार में आ रहे थे। हमलावरों ने फायरिंग की, लेकिन विक्की मैनी इस हमले में बाल-बाल बच गए।

चुनावी रंजिश से जुड़ा हो सकता है मामला

एसएसपी भूपेंद्र सिंह ने गुरप्रीत सिंह की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है। आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें रवाना की गई हैं।

उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में मामला व्यक्तिगत रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, जिसकी शुरुआत हाल ही में हुए नगर पंचायत चुनाव के दौरान हुई रंजिश से होने की आशंका है। हालांकि पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

डॉक्टर ने की मौत की पुष्टि

सिविल अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिफा ने बताया कि गुरप्रीत सिंह को अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं हरप्रीत सिंह को गंभीर गोली लगने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद लुधियाना रेफर किया गया।

दिनदहाड़े बाजार में हुई इस फायरिंग से दुकानदारों और राहगीरों में भारी दहशत फैल गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।