विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जेईई मेन 2027 के लिए आवेदन शुरू, 22 नवंबर तक कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन

Published: Mon, 26 Oct 2026 05:03 PM (IST)

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने जेईई मेन 2027 के पहले सत्र के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी ...और पढ़ें

जेईई मेन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू।

जेईई मेन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू।

जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। इंजीनियरिंग के क्षेत्र में करियर बनाने और देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए जेईई मेन 2027 को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा जेईई मेन 2027 के पहले सत्र के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

सामान्य आवेदन प्रक्रिया के तहत 22 नवंबर तक रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा। ऐसे में विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन पूरा कर लें, ताकि किसी तकनीकी परेशानी के कारण उनका फार्म जमा होने से न रह जाए।

एनटीए की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नियमित आवेदन अवधि समाप्त होने के बाद भी अभ्यर्थियों को आवेदन करने का अवसर दिया जाएगा। विद्यार्थी 23 नवंबर से 26 नवंबर तक 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकेंगे।

इसके बाद आवेदन फार्म में दर्ज विवरण में सुधार करने के लिए 27 नवंबर से 29 नवंबर तक करेक्शन विंडो खोली जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन भरते समय अपने व्यक्तिगत विवरण, शैक्षणिक योग्यता और अन्य जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच करनी चाहिए, ताकि बाद में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जेईई मेन 2027 के पहले सत्र के लिए आवेदन शुल्क अभ्यर्थियों की श्रेणी के अनुसार निर्धारित किया गया है। सामान्य वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों को एक हजार रुपये और महिला अभ्यर्थियों को 800 रुपये शुल्क देना होगा।

सामान्य-ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 900 रुपये, जबकि महिला अभ्यर्थियों के लिए 800 रुपये निर्धारित है। एससी, एसटी, दिव्यांग आदि अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये रहेगा। पात्रता के अनुसार, वर्ष 2025 या 2026 में बारहवीं कक्षा अथवा समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा वर्ष 2027 में बारहवीं या समकक्ष परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी भी पात्र हैं।

जेईई मेन 2027 की परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। पहला सत्र जनवरी 2027 में और दूसरा सत्र अप्रैल 2027 में आयोजित होगा। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित तारीखों और अन्य दिशा-निर्देशों की जानकारी के लिए एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखने को कहा गया है।

ऐसे पूरा करें ऑनलाइन आवेदन

आवेदन करने के लिए सबसे पहले अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वेबसाइट के होमपेज पर कैंडिडेट एक्टिविटी सेक्शन में उपलब्ध आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी की मदद से रजिस्ट्रेशन करना होगा। पंजीकरण पूरा होने के बाद प्राप्त लॉगिन विवरण का इस्तेमाल करके पोर्टल पर प्रवेश करना होगा।

फिर आवेदन फार्म में व्यक्तिगत जानकारी और शैक्षणिक विवरण भरने होंगे। निर्धारित प्रारूप में जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क जमा करना होगा। आवेदन पूरा होने पर कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।