रंगदारी न देने पर बटाला में बदमाशों का आतंक, दिन में दुकान पर हुआ मिस फायर, रात घर पर चलाई गोलियां
बटाला में 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में मेडिकल स्टोर मालिक को निशाना बनाया गया। दोपहर दुकान ...और पढ़ें

दुकान पर फायर का प्रयास किया तो हुआ मिस फायर।
HighLights
बटाला में मेडिकल स्टोर मालिक से 50 लाख की रंगदारी मांगी गई।
बदमाशों ने दिन में दुकान पर और रात में घर पर फायरिंग की।
पुलिस ने सुरक्षा दी, लेकिन परिवार में दहशत का माहौल है।
जागरण संवाददाता, बटाला। गुरदासपुर के बटाला सिविल अस्पताल के सामने जालंधर रोड पर रविवार दोपहर मेडिकल स्टोर पर गोली चलाने की असफल कोशिश के बाद रात को आरोपियों ने दुकान मालिक के घर पर गोलियां चला दीं। दोपहर की वारदात के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। देर रात उन्होंने दोबारा वारदात को अंजाम दे दिया। मामला दुकानदार से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने से जुड़ा बताया जा रहा है।
ओम मेडिकल स्टोर के मालिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि रविवार दोपहर करीब ढाई बजे वह घर गए हुए थे। इसी दौरान कादियां चुंगी की तरफ से बाइक पर सवार दो युवक दुकान के सामने रुके। दोनों ने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे।
बाइक पर पीछे बैठे युवक ने पिस्तौल निकालकर दुकान की तरफ दो बार गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन पिस्तौल से गोली नहीं चली। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से गौंसपुरा रोड की तरफ फरार हो गए।
यह भी पढ़ें- पंजाबी यूनिवर्सिटी में फीस बढ़ोतरी पर बवाल, छात्रों ने बंद किए सभी गेट; VC कार्यालय के बाहर लगा पक्का मोर्चा

घर के बाहर फायरिंग करते हुए बदमाश।
दो महीने से मांगी जा रही थी रंगदारी
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान रात करीब 9 बजकर 50 मिनट पर बाइक सवार दो आरोपी दोबारा पहुंचे और संदीप कुमार के घर की तरफ दो गोलियां चलाकर फरार हो गए।
संदीप कुमार ने बताया कि पिछले करीब दो महीने से उन्हें विदेशी नंबर से फोन कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है। फोन करने वाला खुद को डोनी बल्ल बताता था। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई थी और मामला दर्ज किया गया था।
यह भी पढ़ें- पूर्व CM चन्नी की परीक्षा पर सियासी बवाल, फोटो को लेकर जांच की मांग; NSUI ने बताया युवाओं के लिए प्रेरणा
पुलिस ने साधी चुप्पी
सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने संदीप कुमार को एक सुरक्षाकर्मी भी उपलब्ध कराया है। इसके अलावा उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए निजी सुरक्षाकर्मी भी रखा हुआ है। इसके बावजूद रविवार रात उनके घर पर गोलियां चलने से परिवार में दहशत का माहौल है।
मामले को लेकर बटाला पुलिस की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। पुलिस जांच की बात कह रही है। दोपहर और रात की दोनों घटनाओं के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान और उनके मकसद का पता लगाने में जुटी है।
