गुरदासपुर में गर्मी का कहर जारी, पारा 36 डिग्री पारच बारिश से मिलेगी राहत की उम्मीद
गुरदासपुर में भीषण गर्मी और उमस ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और लोग घरों में कैद हैं। ...और पढ़ें
-1785151476628_m.webp)
गुरदासपुर में गर्मी का कहर जारी। फाइल फोटो
HighLights
गुरदासपुर में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, उमस बढ़ी।
चिकित्सकों ने धूप से बचने और हाइड्रेटेड रहने की सलाह दी।
बुधवार-गुरुवार को मध्यम वर्षा से राहत की संभावना।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ती गर्मी और उमस ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। सोमवार को तो मौसम का मिजाज इतना बेरहम रहा कि सुबह से ही आसमान से आग बरसती नजर आई। सूरज की तपिश ने लोगों को घरों में कैद कर दिया और सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने शहरवासियों की मुश्किलें और बढ़ा दी।
अधिकतम तापमान में अचानक दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसने गर्मी की तीव्रता को और भी बेहाल कर दिया है। रविवार को जहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा था, वहीं सोमवार को यह बढ़कर 36 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा।
हवा में नमी की मात्रा का स्तर 60 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जिससे उमस का असर दोगुना हो गया है। नमी के इस उच्च स्तर ने पसीने को वाष्पित नहीं होने दिया, जिससे लोग चिपचिपाहट और असहनीय गर्मी से त्रस्त रहे। बाहर निकलना मुश्किल हो गया और जो लोग मजबूरन बाहर निकले, वे पसीने से तर-बतर हो गए।
धूप में न निकलने की सलाह
सोमवार को दिनभर छह किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली गर्म हवा के झोंकों ने लोगों को बेहाल किया। ये हवाएं न केवल गर्म थीं बल्कि अपने साथ गर्मी की लहर भी लेकर आईं। चिकित्सकों ने सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच जहां तक हो सके, धूप में न निकलें।
खबरें और भी
इसके अलावा, शरीर में पानी की कमी न होने देने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी, छाछ और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। गर्मी और उमस के इस सितम ने दैनिक जीवन को प्रभावित किया है।
स्कूल-कालेजों में छुट्टियां तो घोषित नहीं की गई हैं, लेकिन कई अभिभावकों ने छोटे बच्चों को घर पर रखने का फैसला किया। इस बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर मिश्रित संकेत दिए हैं। विभाग के अनुसार मंगलवार को हल्के बादल छाए रहेंगे, जिससे धूप की तेजी में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन गर्मी और उमस से पूरी राहत मिलने की संभावना नहीं है।
हालांकि, बुधवार और वीरवार के लिए पूर्वानुमान कुछ राहत देने वाला है। विभाग ने इन दोनों दिनों में मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। यदि यह वर्षा होती है तो शहरवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।
चिकित्सों ने खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और पुरानी बीमारियों से ग्रस्त लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। गर्मी और उमस के इस मिश्रण से लू लगने, डिहाइड्रेशन और सनस्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। सरकारी अस्पतालों में ओपीडी में गर्मी से संबंधित बीमारियों के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।
डॉक्टरों ने हल्के रंग के और सूती वस्त्र पहनने, सिर को ढककर रखने और बाहर निकलते समय धूप के चश्मे का उपयोग करने की सलाह दी है। इसके अलावा, प्यास न होने पर भी समय-समय पर पानी पीते रहने की आदत डालनी चाहिए।
शहर के लोग अब बुधवार और वीरवार का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यदि वर्षा अच्छी हुई, तो गर्मी से परेशान हर चेहरों पर मुस्कान आ जाएगी, नहीं तो यह उमस और तपिश का दौर और लंबा खिंच सकता है। उम्मीद है कि अगले दो दिनों में हालात में सुधार होगा और लोगों को राहत मिलेगी।