Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब के गुरदासपुर में सड़क हादसा, बाइक और बस की टक्कर में दो की मौत

    Updated: Tue, 05 May 2026 05:55 PM (IST)

    गुरदासपुर में तिब्बड़ी रोड पर सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसे में पीआरटीसी बस और मोटरसाइकिल की टक्कर में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ...और पढ़ें

    फोटो एआई द्वारा बनाई गई है।

    फोटो एआई द्वारा बनाई गई है।

    HighLights

    1. गुरदासपुर में बस-बाइक टक्कर में दो की मौत।

    2. पीआरटीसी बस चालक मौके से हुआ फरार।

    3. परिजनों ने तेज रफ्तार बसों पर नियंत्रण की मांग की।

    जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। तिब्बड़ी रोड पर सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना रात करीब 10:30 बजे हुई। चंडीगढ़ से आ रही पीआरटीसी की बस ने मोटरसाइकिल सवारों को टक्कर मार दी, जिसमें सुरिंदर पाल (45) और साजन (27) की मौत हो गई। दोनों गांव लक्खोवाल के रहने वाले थे और आपस में रिश्तेदार थे।

    जानकारी के अनुसार दोनों मृतक मेहनत-मजदूरी का काम करते थे। दोनों मोटरसाइकिल पर गांव लौट रहे थे। इस दौरान तिब्बड़ी रोड पर आर्मी कैंट के गेट नंबर-1 के सामने पहुंचने पर सामने से चंडीगढ़ से आ रही पीआरटीसी की बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार बेहद तेज थी और वह गलत दिशा से आ रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

    इकलौटा बेटा था साजन

    मृतकों के स्वजन लखविंदर, अमनदीप और रमेश ने बताया कि साजन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और वह अभी अविवाहित था। परिवार में उसकी मौत से कोहराम मच गया है। वहीं सुरिंदर पाल विवाहित था और उसके छोटे-छोटे दो बच्चे हैं। इस हादसे ने दोनों हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ कर रख दिया है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    मृतकों के स्वजनों ने आरोप लगाया है कि सरकारी बसों के ड्राइवर समय की पाबंदी के चक्कर में बसों को बेहद तेज भगाते हैं, जिसके चलते इस तरह के हादसे बार-बार होते हैं। उन्होंने मांग की है कि आरोपित बस ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। रात के समय सड़क पर बसों की रफ्तार पर लगाम लगाई जाए। उन्होंने आरोपित चालक के खिलाफ कार्रवाई कर परिवारों को उचित न्याय दिलाने की मांग की है।

    खबरें और भी

    बस चालक मौके से फरार

    स्वजनों का कहना है कि अगर समय रहते बसों की गति पर नियंत्रण करने के सख्त नियम बना दिए जाते, तो शायद आज यह दर्दनाक घटना नहीं होती। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि लापरवाह ड्राइवरों को बख्शा न जाए। वहीं घटना की सूचना मिलते ही थाना पुराना शाला की पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

    पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने स्वजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल बस ड्राइवर की तलाश की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार यातायात के खतरों को उजागर करता है।

    स्थानीय लोगों ने भी इस मार्ग पर रात के समय बसों के तेज गति से चलने की समस्या उठाई है। प्रशासन से अपील की जा रही है कि रात्रिकालीन यातायात की नियमित निगरानी के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।