विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के गुरदासपुर में आढ़ती से मांगी दो करोड़ की रंगदारी, नहीं देने पर घर पर फेंका पेट्रोल बम; गोलियां भी चलाई

Published: Wed, 26 Aug 2026 06:42 AM (IST)

बटाला के रंगड़ नंगल गांव में एक आढ़ती के घर पर 2 करोड़ रुपये की रंगदारी न देने पर पेट्रोल ...और पढ़ें

गुरदासपुर में आढ़ती के घर पर फेंका पेट्रोल बम। फोटो जागरण

गुरदासपुर में आढ़ती के घर पर फेंका पेट्रोल बम। फोटो जागरण

HighLights

  1. आढ़ती के घर पर पेट्रोल बम और गोलियां चलाई गईं।

  2. 2 करोड़ रुपये की रंगदारी न देने पर हुआ हमला।

  3. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, बटाला। जिले के अंतर्गत आते इलाकों में कारोबारियों से रंगदारी मांगने और गोलियां चलाने का सिलसिला फिर से तेज हो गया है। रविवार से मंगलवार तक ही कारोबारियों से रंगदारी मांगने और न देने पर घरों और दुकानों पर गोलियां चलाने की चार घटनाएं घट चुकी हैं। अब नया मामला बटाला के विधानसभा श्री हरगोबिंदपुर के अधीन आते गांव रंगड़ नंगल में सामने आया है।

सोमवार देर रात मोटरसाइकिल सवार युवकों ने एक आढ़ती के घर पर पेट्रोल बम फेंकने के साथ-साथ गोलियां चला दीं। इस घटना के दौरान किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आढ़ती को दो करोड़ रुपये की रंगदारी देने के लिए लगातार फोन आ रहे थे। रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रंगदारी देने की धमकी भरी काल आ रही थी

गांव रंगड़ नंगल के पम्मा ने बताया कि उनके चाचा गुरजीत सिंह आढ़त का काम करते हैं। पिछले कुछ महीनों से विदेशी नंबरों से गुरजीत सिंह को दो करोड़ की रंगदारी देने की धमकी भरी काल आ रही थी। इसके बाद गुरजीत सिंह डर के कारण अपने विदेश में रहते लड़के के पास चले गए थे जबकि घर की देखरेख के लिए एक व्यक्ति रखा हुआ है।

पम्मा ने बताया कि सोमवार की रात करीब एक बजे अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके साथ ही गोलियां चलने की आवाज भी सुनाई दी।

जब केयरटेकर ने बाहर निकल कर देखा तो घर की बाहरी दीवार पर एसी के आउटडोर यूनिट के पास काले रंग का निशान पड़ा हुआ था और दो गोलियों के निशान थे। इसके बाद मामले की सूचना थाना रंगड़ नंगल को दी गई। सूचना मिलने पर थाना रंगड़ नंगल की पुलिस मौके पर पहुंची।

पेट्रोल बम फेंकने और फायरिंग की घटना से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता

जांच के दौरान सामने आया कि मेहता की तरफ से मोटरसाइकिल सवार दो युवक आए और उन्होंने कोठी पर पेट्रोल बम फेंका। इसके बाद आरोपियों ने दो फायर किए और मेहता की तरफ ही फरार हो गए। परिवार के सदस्यों ने बताया कि दो दिन पहले ही अड्डा अम्मो नंगल में शाम के समय दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने एक करियाना स्टोर पर भी गोलियां चलाई थीं।

उस मामले में अभी तक पुलिस के हाथ कोई सफलता नहीं लगी है। अब रंगड़ नंगल में पेट्रोल बम फेंकने और फायरिंग की घटना से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इस संबंध में डीएसपी श्री हरगोबिंदपुर मनोज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

थाना रंगड़ नंगल की पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

धमकियों के डर से बेटे के पास इंग्लैंड गए आढ़ती

पिछले करीब एक महीने से गुरजीत सिंह को फोन पर दो करोड़ की रंगदारी देने के लिए धमकियां दी जा रही थीं। गुरजीत सिंह के तीन बच्चे विदेश में रहते हैं और वे रंगड़ नंगल में ही कच्ची आढ़त का काम करते हैं। धमकियां आने के कारण गुरजीत सिंह अभी कुछ ही हफ्ते पहले ही अपने बेटे के पास इंग्लैंड चले गए जबकि घर में एक केयरटेकर रखा हुआ है।

कारोबारियों से रंगदारी मांगने और गोलियां चलाने का सिलसिला तेज

बटाला और आसपास के इलाकों में कारोबारियों से रंगदारी मांगने का सिलसिला लगातार जारी है। कारोबारियों को विदेशी नंबरों पर धमकी भरी काल लगातार जारी है।

रविवार को ही बटाला में सिटी रोड सुनार की दुकान पर, जालंधर रोड पर ओम मेडिकल स्टोर पर गोली चालने की असफल कोशिश के बाद रात को मालिक के घर पर गोलियां चलाई गई थीं।

रंगड़ नंगल में भी एक करियाना स्टोर पर गोलियां चलाई गई थीं। कादियां रोड पर भी एक कारोबारी पर गोलियां चलाने की घटना सामने आई थीं।