गुरुदासपुर में हार्डवेयर के दुकान में लगी भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर राख; फायर बिग्रेड की 25 गाड़ियां मौके पर
गुरुदासपुर के बहरामपुर में बुधवार देर रात एक हार्डवेयर स्टोर में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि पठानकोट, बटाला और गुरदासपुर से 25 फायर ब्रिगेड की ...और पढ़ें
-1768472320216_m.webp)
गुरुदासपुर में हार्डवेयर के दुकान में लगी भीषण आग
HighLights
बहरामपुर के हार्डवेयर स्टोर में देर रात लगी भीषण आग
करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख, आसपास के घर भी प्रभावित
तीन जिलों की 25 फायर ब्रिगेड गाड़ियों ने आग बुझाई
जागरण संवाददाता, गुरुदासपुर। गुरुदासपुर के बहरामपुर कस्बे में बुधवार देर रात एक हार्डवेयर स्टोर में भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि तीन जिलों पठानकोट, बटाला और गुरदासपुर से फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाना पड़ा।
फायर ब्रिगेड की 25 गाड़ियां भारी प्रयासों के बावजूद सुबह तक आग को नहीं बुझा पाईं। इस आग में स्टोर में रखा करोड़ों रुपए का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। आग से स्टोर के आसपास स्थित घरों को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने घटना का जायजा लिया। हालांकि, अभी तक आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है।
'साईं दास हार्डवेयर स्टोर' के मालिक राकेश कुमार ने बताया कि वह रोजाना की तरह बुधवार शाम को भी अपना स्टोर बंद करके अपने घर चला गए थे। रात करीब ढाई बजे जब स्टोर से धुंआ निकलने लगा तो आसपास रहने वाले लोगों ने फोन करके उन्हें जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही वह तुरंत स्टोर पर पहुंचे, लेकिन तब तक स्थिति बेकाबू हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि जैसे ही वह स्टोर के पास पहुंचे, देखा कि अंदर से आग ने विकराल रूप धारण किया है। आग की लपटें और धुंआ इतना ज्यादा था कि नजदीक जाना तक मुश्किल था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पठानकोट, बटाला और गुरदासपुर से फायर ब्रिगेड की टीमों को सूचित किया गया। देर रात होने के बावजूद एक के बाद एक करीब 25 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचती रहीं और आग पर काबू पाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए।
खबरें और भी
फायर ब्रिगेड के प्रयास भी रहे नाकाम
फायर ब्रिगेड की टीमों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन हार्डवेयर स्टोर में आग लगातार भड़कती रही। आग बुझाने का कार्य रात भर जारी रहा। फायरमैन लगातार पानी डालते रहे, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू पाने में सफलता नहीं मिल पा रही थी। सुबह होने तक भी आग की लपटें कम होने का नाम नहीं ले रही थीं। आखिरकार कई घंटों के संघर्ष के बाद आग पर कुछ हद तक नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। स्टोर का पूरा अंदरूनी हिस्सा और उसमें रखा कीमती सामान जलकर राख हो गया।
आसपास के घरों को भी पहुंचा नुकसान
आग इतनी भीषण थी कि इसकी चपेट में सिर्फ हार्डवेयर स्टोर ही नहीं आया। स्टोर के नजदीक बने घरों को भी नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि इस भीषण आग में किसी भी व्यक्ति की जान जाने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है। पुलिस और फायर विभाग के अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।