गुरदासपुर रेलवे स्टेशन पर पुलिस का चेकिंग अभियान, यात्रियों की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे की जांच
गुरदासपुर पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे स्टेशन पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। एंटी सबोटाज टीम के साथ मिलकर स्टेशन परिसर और ...और पढ़ें

गुरदासपुर रेलवे स्टेशन पर पुलिस का चेकिंग अभियान। फोटो जागरण
HighLights
रेलवे स्टेशन पर पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान चला।
यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तलाशी ली गई।
संदिग्ध वस्तुओं की जांच हेतु डॉग स्क्वायड का उपयोग हुआ।
संवाद सहयोगी, गुरदासपुर। जिला पुलिस द्वारा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत रविवार को रेलवे स्टेशन पर व्यापक जांच की गई। इस दौरान पुलिस की एंटी सबोटाज टीम के साथ मिलकर स्टेशन परिसर के हर कोने-हर ठिकाने की बारीकी से तलाशी ली गई।
साथ ही यात्रियों के सामान की भी सघन जांच की गई। यह अभियान एसएसपी आदित्य के निर्देश पर चलाया गया। एंटी सबोटाज टीम ने बैगेज स्कैनर, हाथ से तलाशी और डाग स्क्वाड की मदद से हर संदिग्ध सामान की जांच की। प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पार्किंग क्षेत्र, और यहां तक कि स्टेशन के पिछले हिस्से तक को खंगाला गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की चेकिंग का उद्देश्य न केवल किसी संभावित खतरे को रोकना है, बल्कि यात्रियों के मन में सुरक्षा का भरोसा पैदा करना भी है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि यात्री निर्भय होकर सफर करें। पुलिस ने यात्रियों से अपील की कि यदि उन्हें स्टेशन या आसपास कोई भी संदिग्ध वस्तु दिखे, या कोई व्यक्ति संदिग्ध लगे, तो वे तुरंत डायल 112 पर सूचना दें।
पुलिस ने आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले की गोपनीयता बनाए रखी जाएगी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने यात्रियों से अनुरोध किया कि वे स्वयं भी सतर्क रहें और अपने सामान पर नजर रखें, क्योंकि सुरक्षा में आम नागरिकों का सहयोग अहम भूमिका निभाता है।