पंजाब के गुरदासपुर में पूर्व सैनिक के घर पर फायरिंग, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
गुरदासपुर के नारवा गांव में एक पूर्व सैनिक के घर के बाहर फायरिंग हुई, जिसमें चार राउंड गोलियां चलाई गईं। पूर्व सैनिक ने पुलिस पर चार दिन बाद भी ठोस का ...और पढ़ें

पूर्व सैनिक के घर के बाहर फायरिंग, पुलिस पर ठोस कार्रवाई न करने का आरोप।
HighLights
गुरदासपुर में पूर्व सैनिक के घर के बाहर फायरिंग
पीड़ित ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया
पुलिस ने मामले की जांच जारी होने की बात कही
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। पंजाब के गुरदासपुर जिले में फायरिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अब थाना घुम्मन कलां के गांव नारवा में पूर्व सैनिक के घर के बाहर फायरिंग का मामला सामने आया है।
पूर्व सैनिक का आरोप है कि घटना के चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
पूर्व सैनिक गुरनाम सिंह निवासी गांव नारवा ने बताया कि 19 मई की रात करीब 11:50 बजे वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इस दौरान अचानक बाहर गोलियां चलने की आवाजें आईं। दो गाड़ियों में सवार होकर आए कुछ युवकों ने करीब चार राउंड फायर किए। घटनास्थल से एक गोली का खोल भी बरामद हुआ है।
गुरनाम सिंह ने बताया कि वारदात के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को सूचित कर दिया था, लेकिन अफसोस कि चार दिन बीतने के बाद भी पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद से पूरे परिवार के मन में भय व्याप्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उन्हें जल्द इंसाफ नहीं मिला और आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
वहीं, मामले को लेकर थाना घुम्मन कलां के एसएचओ जगदीश सिंह का कहना है कि पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार जल्द ही उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।