बेटे की चाहत और ससुराल की प्रताड़ना, होशियारपुर में अत्याचार से तंग आकर विवाहिता ने दी जान
तलवाड़ा पुलिस ने एक महिला की आत्महत्या के मामले में उसके पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतका नीलम के पिता ने शिकायत की कि शादी के एक स ...और पढ़ें
-1776135140513_m.webp)
बेटे की चाहत और ससुराल की प्रताड़ना (प्रतीकात्मक फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, तलवाड़ा। थाना तलवाड़ा की पुलिस ने एक महिला द्वारा जहरीली दवा खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने के मामले में उसके पति, सास और ससुर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी देते हुए थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि मृतका के पिता सुरिंदर सिंह निवासी मातनहेल, झज्जर (हरियाणा) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बेटी नीलम (30) की शादी 14 फरवरी 2014 को दविंदर सिंह निवासी रेवाड़ी हाल निवासी तलवाड़ा के साथ हुई थी।
शादी के करीब एक साल बाद से ही ससुराल वाले नीलम को संतान न होने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे। दविंदर सिंह अपने माता-पिता के कहने पर अकसर नीलम के साथ मारपीट करता था और उसे अपने मायके वालों से फोन पर बात करने से भी रोकता था।
11 अप्रैल को दोपहर करीब 1:15 बजे नीलम ने उन्हें फोन करके बताया कि वह ससुराल वालों के अत्याचारों से तंग आकर जहरीली दवा खा रही है। जब परिवार हरियाणा से तलवाड़ा के लिए रवाना हुआ, तो रास्ते में ही उन्हें नीलम की मौत की खबर मिली।
जब नीलम के भाई दीपक ने अपने जीजा से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसने आगे से बदसलूकी की और कोई जानकारी नहीं दी। पुलिस ने बयानों के आधार पर नीलम के पति दविंदर सिंह, ससुर कृष्ण कुमार और सास वीना के खिलाफ प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।