विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब: होशियारपुर में BJP-BSP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, हाथापाई में पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला को लगी चोट

Published: Wed, 16 Sep 2026 02:11 PM (IST)

होशियारपुर के बाड़ियां कलां गांव में डॉ. भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ के बाद तनावपूर्ण माहौल में भाजपा और बसपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।

पंजाब: होशियारपुर में BJP-BSP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प (जागरण फोटो)

पंजाब: होशियारपुर में BJP-BSP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प (जागरण फोटो)

HighLights

  1. होशियारपुर में अंबेडकर प्रतिमा विवाद पर भाजपा-बसपा कार्यकर्ताओं में झड़प

  2. झड़प के दौरान भाजपा नेता विजय सांपला को माइक से चोट लगी

  3. गांव बाड़ियां कलां में तनावपूर्ण माहौल, पुलिस स्थिति नियंत्रित कर रही

जागरण टीम, माहिलपुर (होशियारपुर)। जिले के गांव बाडियां कलां में बाबा साहेब डॉ. भीम राव अंबेडकर की खंडित प्रतिमा के सामने बुधवार को बसपा और भाजपा नेता भिड़ गए। इससे माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण रहा।

हाथापाई में भाजपा के पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला को चोट भी लगी है। भाजपा नेताओं ने प्रतिमा खंडित करने वाले आरोपितों और भाजपा नेताओं के साथ हाथापाई करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बता दें कि मंगलवार को कुछ शरारती तत्वों ने डॉ. भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित कर दी थी। इससे एससी भाईचारे में रोष है। बुधवार सुबह से बसपा नेताओं ने घटनास्थल पर पक्का धरना लगाया है। दोपहर को पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला , भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शीतल अंगुराल, भाजपा के जिला प्रधान नितिन गुप्ता नन्नू, भाजपा के होशियारपुर प्रभारी सुशील शर्मा अन्य नेताओं के साथ बाडियां कलां पहुंचे।

भाजपा नेताओं ने खंडित प्रतिमा के समक्ष खड़े होकर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू की। आरोप लगाया कि पंजाब सरकार की नालायकी के कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। इसी बीच, दूसरी तरफ धरना दे रहे बसपा नेताओं ने भाजपा की केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। बसपा ने भाजपा सरकार को कोसना शुरू कर दिया। यहीं से विवाद बढ़ता गया।

देखते ही देखते माहौल बिगड़ना शुरू हो गया। स्थिति उस समय ज्यादा गंभीर हो गई, जब बसपा नेता ने बोल रहे सांपला से माइक छीन लिया। फिर क्या था, माहौल बेकाबू हुआ और हालत हाथापाई तक पहुंच गई। काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने भाजपा नेताओं को वहां से भेजकर स्थिति को सामान्य किया। इस घटना के बाद बसपा के वरिष्ठ नेता अवतार सिंह करीमपुरी भी पहुंच गए थे। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। बसपा की ओर से पक्का धरना दिया जा रहा है।

आरोपितों पर हो सख्त कार्रवाई

पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने कहा कि भाजपा नेता बाड़ियां कलां से शांतिपूर्वक तरीके से अपना रोष जता रहे थे। बसपा नेताओं ने माहौल खराब करके हाथापाई की। उनकी मांग है कि प्रतिमा को खंडित करने वाले आरोपितों और भाजपा नेताओं के साथ हाथापाई करने वालों पर सख्त एक्शन लिया जाए।

भाजपा नेताओं ने माहौल खराब किया: करीमपुरी

बसपा के वरिष्ठ नेता अवतार सिंह करीमपुरी ने कहा कि बसपा शांतिपूर्वक धरना दे रही थी। भाजपा नेताओं ने माहौल आकर खराब दिया। भाजपाईयों ने माइक क्यों छीना। भाजपा नेताओं पर कार्रवाई होनी चाहिए।