हवाई सफर होगा सस्ता, AERA ने घटाया एयरपोर्ट चार्ज; पार्किंग शुल्क में 25% की भारी कटौती
एयरपोर्ट्स इकनामिक रेगुलेटरी अथारिटी आफ इंडिया (AERA) ने घरेलू हवाई अड्डों पर लैंडिंग और पार्किंग शुल्क में 25% की कटौती की है। यह निर्णय तत्काल प्रभा ...और पढ़ें

प्रमुख घरेलू हवाई अड्डों पर लैंडिंग और पार्किंग शुल्क में 25 प्रतिशत की कटौती (प्रतीकात्मक फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, आदमपुर। यात्री सुविधा में सुधार और घरेलू विमानन क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एयरपोर्ट्स इकनामिक रेगुलेटरी अथारिटी आफ इंडिया (एयर) ने देश के प्रमुख घरेलू हवाई अड्डों पर लैंडिंग और पार्किंग शुल्क में मौजूदा दरों से 25 प्रतिशत की कटौती की है।
यह घोषणा सात अप्रैल को जारी एक आधिकारिक पत्र के माध्यम से की गई, जिसे एयरलाइंस उद्योग ने सकारात्मक और राहतकारी कदम बताया है। एयरलाइंस कंपनियों का मानना है कि इससे उनकी संचालन लागत में कमी आएगी और अंततः यात्रियों को सस्ती हवाई यात्रा का लाभ मिल सकेगा।
आदमपुर एयरपोर्ट के डायरेक्टर पुष्पिंदर निराला ने बताया कि सभी प्रमुख घरेलू हवाई अड्डों पर लैंडिंग और पार्किंग शुल्क में 25 प्रतिशत की कमी तत्काल प्रभाव से लागू होगी। यह राहत तीन महीने की अवधि तक सभी घरेलू उड़ानों पर लागू रहेगी।
इस निर्णय की समीक्षा अवधि समाप्त होने से पहले की जाएगी, ताकि इसके प्रभाव का आकलन किया जा सके। कुल राजस्व आवश्यकता में होने वाली किसी भी कमी को भविष्य की टैरिफ निर्धारण प्रक्रिया में समायोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भारत में विमानन क्षेत्र के टैरिफ निर्धारण की जिम्मेदारी एयर के पास होती है, जिससे इस क्षेत्र में पारदर्शिता और संतुलन सुनिश्चित होता है। भारत घरेलू विमानन बाजार में विश्व का तीसरा सबसे बड़ा बाजार बन चुका है। 2014 में जहां देश में केवल 74 हवाई अड्डे थे, वहीं 2025 तक इनकी संख्या बढ़कर 163 हो जाएगी, जो इस क्षेत्र की तीव्र प्रगति को दर्शाता है।