जालंधर में भोतू गैंग का कहर, टायर में सूआ मारकर पंचर किया; व्यापारी की कार से दस लाख का बैग ले उड़े
जालंधर में व्यापारी की कार का टायर सूआ मारकर पंचर किया गया। पेट्रोल पंप पर पंचर लगवाने के दौरान कार से दस लाख रुपये का बैग चोरी हो गया।

पैसों से भरा बैग चुराता हुआ चोर सीसीटीवी में कैद हुआ।
HighLights
जालंधर में भोतू गैंग ने फिर दिया वारदात को अंजाम।
व्यापारी की कार से टायर पंचर कर दस लाख लूटे।
पूरी घटना सीसीटीवी में कैद, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर शहर में एक बार फिर भोतू गैंग के सक्रिय होने का मामला सामने आया है। फगवाड़ा गेट स्थित भाटिया इलेक्ट्रिक स्टोर के मालिक की कार का टायर सूआ मारकर पंचर करने के बाद आरोपित कार से करीब दस लाख रुपये की नकदी से भरा बैग चोरी कर फरार हो गया। पूरी वारदात बीएमसी चौक के पास स्थित केसर पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
भाटिया इलेक्ट्रिक स्टोर के मालिक शरणपाल सिंह बुधवार रात रोजाना की तरह दुकान बंद करने के बाद कार से घर जा रहे थे। कंपनी बाग लाइटों के पास पहुंचते ही उनकी कार का टायर पंचर हो गया। इसके बाद वह कार को बीएमसी चौक के पास स्थित केसर पेट्रोल पंप पर ले गए। वहां उन्होंने कर्मचारी से टायर में पंचर लगाने को कहा।
यह भी पढ़ें- जालंधर की गद्दा फैक्ट्री में भीषण आग, दो किमी दूर से दिखा धुआं; घंटों बाद पाया गया काबू
पेट्रोल पंप के सीसीटीवी ने खोला राज
पंचर लगाते समय कर्मचारी ने टायर की जांच की तो उस पर सूआ मारने के चार-पांच निशान मिले। कर्मचारी ने शरणपाल सिंह को बताया कि टायर को जानबूझकर पंचर किया गया है। इसके बाद टायर में पंचर लगा दिया गया।
पंचर लगने के बाद जैसे ही शरणपाल सिंह कार में बैठने लगे, उन्होंने देखा कि कार में रखा नकदी से भरा बैग गायब था। उन्होंने बताया कि बैग में करीब दस लाख रुपये थे। इसके बाद पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
यह भी पढ़ें- खतरे में राघव चड्ढा की सांसदी? पंजाब SIR से नाम गायब, AAP ने बताई वजह तो MP ने गिनाए नियम
पुलिस ने जांच की शुरू
फुटेज में एक युवक कार का दरवाजा खोलकर अंदर से बैग निकालता हुआ दिखाई दे रहा है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली और आरोपित की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए।
एडीसीपी वन मुख्तियार राय ने बताया कि घटना थाना डिवीजन नंबर चार के अधीन आती है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके साथ ही तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपित की पहचान कर उसे जल्द काबू करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
