विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पंजाब में 31 दिसंबर 2029 के बाद नहीं मिलेगा चिट्टा', जालंधर में नशे के खिलाफ अमित शाह की हुंकार

Published: Wed, 30 Sep 2026 07:00 AM (IST)Updated: Wed, 30 Sep 2026 03:37 PM (IST)

भाजपा की नशा मुक्त पंजाब यात्रा के लिए अमित शाह जालंधर पहुंचे। देवी तलाब मंदिर में माथा टेकने के बाद वे महारैली में पहुंचे और भाजपा समर्थकों को संबोधित किया।

जालंधर में मंच से संबोधन करते हुए अमित शाह।

जालंधर में मंच से संबोधन करते हुए अमित शाह।

HighLights

  1. अमित शाह ने 2029 तक पंजाब को नशामुक्त करने का संकल्प लिया।

  2. आप सरकार पर नशे और वादे पूरे न करने का आरोप लगाया।

  3. भाजपा ने 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' का जालंधर में समापन किया।

जागरण संवाददाता, जालंधर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज, बुधवार पंजाब दौरे पर रहे। जालंधर के परागपुर के पास NH-44 के किनारे भाजपा की ओर से नशा विरोधी महारैली को संबोधित किया। उससे पहले वह जालंधर के देवी तलाब मंदिर में नतमस्तक होने के लिए पहुंचे। जहां से वे हेलीकॉप्टर से महारैली में पहुंचे।

रैली में मंच पर पहुंचेन से पहले वे 40 मिनट नशा पीड़ित परिवारों से मुलाकात की है। इसके बाद में मंच पर आकर उन्होंने सभी का अभिवादन किया। शाह ने अपना भाषण सत श्री अकाल से शुरू किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जालंधर में पंजाब की आप सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए नशामुक्त पंजाब का संकल्प दोहराया।

उन्होंने पंजाब की दोआबा भूमि, महान गुरुओं, शहीदों, किसानों और जवानों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि राज्य की पहचान अन्न उत्पादन और देश की सुरक्षा से है, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे नशे (चिट्टे) की आग में झोंक दिया है।

शाह ने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार 25,000 नौकरियों, 16,000 पिंड क्लीनिकों, 16 मेडिकल कॉलेजों, पेंशन और एमएसपी जैसे वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली शराब घोटाले के आरोपी कभी पंजाब को नशामुक्त नहीं कर सकते। देशभर में PIT-NDPS कानून के तहत 5,000 तस्करों को जेल भेजा गया है, लेकिन पंजाब सरकार ऐसा कठोर कदम उठाने से डर रही है।

शाह ने कहा कि जैसे मोदी सरकार ने देश से आतंकवाद, नक्सलवाद और उग्रवाद को समाप्त किया है, वैसे ही भाजपा 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब को पूरी तरह चिट्टामुक्त कर देगी। उन्होंने अपील की कि कांग्रेस और आप को देख चुकी जनता इस बार नशामुक्त पंजाब और औद्योगिक विकास (टॉप 5 राज्य) के लिए केवल भाजपा को मौका दे।

amit shah relly people

रैली में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़। 

एक ग्राम चिट्‌टा नहीं बिकने देंगे

इसके बाद शाह ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने चिट्टे के कारोबार को खुलेआम चलने दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब में किसान, उद्योग और महिला सुरक्षा जैसे कई मुद्दे हैं, लेकिन भाजपा आगामी चुनाव नशामुक्त पंजाब के मुद्दे पर लड़ेगी। एक ग्राम चिट्‌टा भी नहीं बिकने दिया जाएगा।

शाह ने पंजाब की माताओं और युवाओं से भाजपा का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब को चिट्टे के व्यापार से मुक्त कर दिया जाएगा।

 

 

shah helicopter

हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद भाजपा नेताओ ंसे मिलते हुए अमित शाह।

गृह मंत्री अमित शाह के भाषण के 10 मुख्य बात:

  1. नशामुक्त पंजाब के लिए दोआबा की पवित्र भूमि पर आना और महान गुरुओं व शहीदों को नमन करना सौभाग्य की बात है।

  2. पंजाब की असली पहचान देश की खाद्य सुरक्षा (अन्न उत्पादन) और सीमा सुरक्षा में दिए गए अभूतपूर्व योगदान से है।

  3. भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव मुख्य रूप से 'नशामुक्त पंजाब' के केंद्रीय मुद्दे पर ही लड़ेगी।

  4. भाजपा का संकल्प है कि 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब को 'चिट्टे' (नशे) के व्यापार से पूरी तरह मुक्त कर दिया जाएगा।

  5. भाजपा अध्यक्ष द्वारा शुरू की गई 13 दिवसीय यात्रा ने करीब 4,000 किलोमीटर का सफर तय कर पंजाब की सभी 117 सीटों को कवर किया।

  6. जैसे मोदी सरकार ने आतंकवाद, नक्सलवाद और उग्रवाद को खत्म किया, वैसे ही पंजाब से नशे का खात्मा भी केवल भाजपा ही कर सकती है।

  7. आप सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए नौकरियां, पिंड क्लीनिक, मेडिकल कॉलेज, पेंशन और एमएसपी जैसे वादों पर सवाल उठाए।

  8. देशभर में PIT-NDPS कानून के तहत 5,000 नशा तस्करों को बिना जमानत जेल भेजा गया, लेकिन पंजाब सरकार ऐसा कठोर कदम नहीं उठा रही।

  9. दिल्ली शराब घोटाले में आरोपी लोग और गुरुओं का अपमान करने वाले पंजाब को नशामुक्त कभी नहीं कर सकते।

  10. पंजाब की जनता कांग्रेस और आप को देख चुकी है, अब राज्य को औद्योगिक रूप से टॉप 5 में लाने के लिए भाजपा को एक मौका दे।

ढिल्लों बोले- दफा 370 खत्म हो सकती है तो नशा क्यों नहीं

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल ढिल्लों ने कहा कि नशा खत्म नहीं हुआ तो पंजाब तबाह हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि जगरांव में एक महिला के छह बेटों की नशे से मौत हुई। फरीदकोट में लोग घरों पर ‘बिकाऊ’ के बोर्ड लगा रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा दफा 370 खत्म हो सकती है तो नशा पंजाब से खत्म क्यों नहीं हो सकता।

पंजाब पहुंचने से पहले अमित शाह ने अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर पोस्ट सांझा की । उन्होंने उसमें लिखा-

पंजाब ‘आप-दा’ सरकार के कुशासन के कारण नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। पंजाब के लोग नशे के खिलाफ एक निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं और नशे के खात्मे के लिए पंजाब के लोगों को एकजुट करते हुए भाजपा द्वारा 18 सितंबर को ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ की शुरुआत की गई थी। यह यात्रा पंजाब के गांव-गांव पहुंची और लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने के साथ-साथ युवाओं को भी इस मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। आज जालंधर में इस यात्रा के समापन के अवसर पर पंजाब वासियों से रूबरू (आमने-सामने) होऊंगा और नशे की मार झेल रहे परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द भी साझा करूंगा। 

 

 

amit shah stage

मंच पर केवल ढिल्लों के साथ बैठे अमित शाह।

मुस्लिम संगठन पंजाब के नेता हाउस अरेस्ट

अमित शाह की जालंधर में होने वाली रैली तथा सिद्ध शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर में नतमस्तक होने से पहले मुस्लिम संगठन पंजाब के पदाधिकारियों को पुलिस ने घरों में नजरबंद कर दिया है। कारण, मुस्लिम संगठन पंजाब ने देश में कई जगहों पर प्राचीन मस्जिदों को गिराए जाने तथा मुस्लिम समाज सहित अल्पसंख्यकों की जायज मांगों को लेकर रोष जताया जा रहा है।

जिसके चलते 30 सितंबर को होने वाली गृह मंत्री की रैली के दौरान काले झंडे दिखाकर रोष व्यक्त करने को लेकर पहले से घोषणा की गई थी। जिसे लेकर पुलिस डिविजन नंबर 5 की पुलिस ने मुस्लिम संगठन पंजाब के महासचिव मजहर आलम सहित पदाधिकारियों को घर में ही नजरबंद कर दिया है। इस पर संस्था के सदस्यों ने पुलिस की कार्रवाई को लोकतंत्र पर हमला बताया है।

 

muslim house arrest

हाउस अरेस्ट किए गए नेता।

25 हजार से अधिक कुर्सियां लगीं 

भाजपा की ओर से पंजाब में निकाली जा रही चार नशा मुक्ति यात्राओं का समापन भी इसी रैली में हो रहा है। ये यात्राएं प्रदेश की सभी 117 विधानसभा सीटों से होकर करीब चार हजार किलोमीटर की दूरी तय कर जालंधर पहुंची हैं। ।

आयोजकों के अनुसार रैली के लिए बनाए गए विशाल पंडाल में 25 हजार से अधिक कुर्सियां लगाई गई हैं। पंडाल को पूरी तरह वातानुकूलित रखने की व्यवस्था की गई है। भीड़ का अनुमान के अनुसार तकरीकन एक लाख के करीब लोग पहुंचे हैं।

रैली में दूर बैठे कार्यकर्ताओं को मंच साफ दिखाई दे और भाषण सुनने में परेशानी न हो, इसके लिए पंडाल के भीतर कई स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। पंडाल के बाहर भी स्क्रीन की व्यवस्था है।

यह भी पढ़ें- पंजाब में AAP के खिलाफ कांग्रेस, चंडीगढ़ में गठबंधन की तैयारी क्यों? निगम चुनाव से पहले भाजपा हुई हमलावर

amit shah cars

देवी तलाब मंदिर पहुंचा अमित शाह का काफिला।

आज जालंधर में समाप्त हो रही यात्राएं

भाजपा की 4 नशामुक्त यात्राएं बीती शाम ही जालंधर पहुंच गई थी। आज रैली के बाद इनका समापन होगा। इन चार यात्राओं ने कुल 117 विधानसभा सीटें कवर की हैं:

1. पठानकोट रूट

 शुरुआत: 18 सितंबर को माधोपुर से शुरू हुई।

  • कवरेज: माझा और सीमावर्ती क्षेत्र की करीब 31 विधानसभा सीटों से होकर गुजरी।

  • समापन: जालंधर कैंट में समापन हुआ।

2. फतेहगढ़ साहिब रूट

 शुरुआत: 19 सितंबर को गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब से शुरू हुई।

  • कवरेज: मालवा, दोआबा और रोपड़ की 24 विधानसभा सीटें कवर कीं।

  • समापन: जालंधर के परागपुर के पास समाप्त।

3. फाजिल्का रूट

 शुरुआत: 20 सितंबर को आसफवाला 1971 वॉर मेमोरियल से शुरू हुई।

  • कवरेज: मालवा की 22 विधानसभा सीटों से होकर गुजरी।

  • समापन: लुधियाना अर्बन में समापन हुआ।

4. तलवंडी साबो रूट

 शुरुआत: 21 सितंबर को गुरुद्वारा श्री दमदमा साहिब से शुरू हुई।

  • कवरेज: बठिंडा, मानसा, बरनाला, संगरूर और पटियाला की 22 विधानसभा सीटें कवर कीं।

तीन हजार के करीब बसें पहुंची

रैली में पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे हैं। इसके लिए पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। वाहनों के लिए चार अलग-अलग पार्किंग स्थल तैयार किए गए । पंडाल के नजदीक वीआईपी वाहनों के लिए अलग पार्किंग है। इसके अलावा दोआबा, माझा और मालवा से आने वाले लोगों के रूट के अनुसार अलग-अलग दिशाओं में पार्किंग बनाई गई है।

आयोजकों के अनुसार रैली में तीन हजार से अधिक बसों और करीब दो हजार छोटे वाहनों के पहुंचे हैं। इससे रैली स्थल के आसपास यातायात पर दबाव बढ़ने की संभावना के चलते पार्किंग और यातायात व्यवस्था को अलग-अलग रूट के हिसाब से तैयार किया गया। 

यह भी पढ़ें- Asian Games 2026: बंदूक थामी, निशाना साधा; होशियारपुर के नीरज ने एशियन गेम्स में शूटिंग में जीता रजत

नशे के मुद्दे पर केंद्रित है आयोजन

भाजपा ने इन यात्राओं और जालंधर की रैली को नशे के खिलाफ अपने अभियान से जोड़ा है। पार्टी के अनुसार यात्राओं का उद्देश्य नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाना है। रैली में अमित शाह के संबोधन के साथ अभियान का समापन होगा। आयोजन को लेकर भाजपा की ओर से प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं को जुटाने की तैयारी की गई है।